Bihar Rain Alert: बिहार में गुरुवार की सुबह से ही मौसम का मिजाज बदल गया है. पटना और इसके आस-पास के जिलों बक्सर, सुपौल, मधेपुरा, सीवान और छपरा में अचानक मौसम बदल गया. इन जिलों में सुबह-सुबह काले बादल छाए, तेज हवाएं चलीं और फिर झमाझम बारिश होने लगी. इस तरह से एक बार फिर राज्य में मौसम सुहावना हो गया है.
इन 20 जिलों में हेवी रेन की चेतावनी
मौसम विभाग की ओर से आज बिहार में डबल अलर्ट जारी किया गया है. कहीं येलो तो कहीं ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया. इसके साथ ही 20 जिलों में हेवी रेन की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग की माने तो, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, गोपालगंज, बेगूसराय, पटना, बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
अगले 2 दिनों के लिए पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने आज सभी 38 जिलों में मौसम बिगड़ा रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. बिहार में अगले दो दिनों के दौरान अधिकांश भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तेज गति की हवा चलने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक कई जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने का पूर्वानुमान है.
12 से 15 जून के बीच मॉनसून की एंट्री
इस तरह से बिहार में प्री-मॉनसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं. संभावना जताई जा रही है कि 12 से 15 जून के बीच राज्य में मॉनसून की एंट्री हो सकती है. लेकिन 20 जून तक सभी जिलों में पूरी तरह से मॉनसून एक्टिव हो जाएगा. पटना की बात करें तो, आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. ऐसे मौसम में लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है.
आज कितना रह सकता है तापमान
मौसम विभाग की माने तो, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, अरवल, जहानाबाद, नवादा, औरंगाबाद, जमुई जिलों के भागों में दिन का तापमान 38 से 42 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है. जबकि राज्य के अन्य भागों में अधिकतम तापमान 30 से 37 डिग्री के बीच बने रहने का पूर्वानुमान है.
