Bihar Electricity: बिहार में घर-घर बिजली पहुंचाने को लेकर सरकार लगातार कई फैसले ले रही है. मुफ्त बिजली देने का भी ऐलान किया. इस बीच अब राज्य में किराए के मकान में रहने वाले लोगों को भी सरकारी बिजली योजना का लाभ मिलेगा. इसके तहत उन्हें सरकार की ओर से दी जा रही बिजली सब्सिडी योजना का लाभ मिलेगा.
जानकारी के मुताबिक, इसमें कोई कोताही बरती जायेगी तो ऊर्जा विभाग संज्ञान लेगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित मकान मालिकों पर कार्रवाई भी होगी. इसे लेकर बिजली मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने मीडिया के सवाल पर यह जानकारी दी. मंत्री शैलेश कुमार ने स्पष्ट किया कि राज्य में सरकारी बिजली की योजना का लाभ सभी को देना सरकार की प्राथमिकता है. इसमें किरायेदार भी शामिल हैं.
किराएदारों से ज्यादा बिजली बिल वसूलने पर किया गया था सवाल
मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि किरायेदारों से सरकार की तरफ से निर्धारित बिजली दरों के अनुसार ही रुपये लिया जाना चाहिए. अगर कहीं अनियमितता या फिर अधिक वसूली की शिकायत सामने आती है, तो विभाग संज्ञान लेकर मामले की जांच करेगा. जानकारी के मुताबिक, मंत्री शैलेश कुमार से किराएदारों से ज्यादा बिजली बिल लिए जाने से जुड़ा सवाल किया गया था, जिसे लेकर उन्होंने जवाब दिया.
किरायेदारों को करना होगा ये काम
बिजली मीटर लगवाएंः पूरी योजना का लाभ लेने के लिए बेहतर यह होगा कि बिजली कंपनी को आवेदन देकर किरायेदार अपना बिजली मीटर लगवा लें.
यहां करें शिकायत: अगर मीटर लगवाने को लेकर मकान मालिक की तरफ से मनाही की जाती है तो इस संबंध में किरायेदार मंत्री कोषांग से भी संपर्क कर सकते हैं. वहां आवेदन दे सकते हैं.
हेल्पलाइन भी: इसके साथ ही बिजली कंपनी के हेल्पलाइन से भी संपर्क कर सकते हैं. इस संबंध में ऊर्जा विभाग की तरफ से पहल की जा रही है.
बिजली कटौती की समस्या नहीं
ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में बिजली कटौती जैसी कोई व्यापक समस्या नहीं है. इसके बावजूद यदि बिजली कटौती की कोई शिकायत आती है तो उसकी जांच करायी जाएगी.
