मतगणना को लेकर इंतजाम
आज मतगणना है. जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र के दिग्गजों के भविष्य का फैसला आज ही होना है. मतगणना स्थल जिला मुख्यालय स्थित टीपी कॉलेज में बनाया गया है. इसके लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गयी है. सोमवार को जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नवदीप शुक्ला, पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय नारायण यादव समेत जिले के अन्य वरीय अधिकारियों ने मतगणना केंद्र का जायजा लिया. प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों ने भी मतगणना केंद्र का जायजा लिया तथा दिशा निर्देश दिये. साथ ही जिला मुख्यालय स्थित कला भवन में अधिकारियों द्वारा मतगणना से संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया.
मतगणना केंद्र के आसपास व संवेदनशील स्थानों पर विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारी संख्या में दंडाधिकारी व पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किया गया है. जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नवदीप शुक्ला व पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने मतगणना केंद्र पर प्रतिनियुक्त सीआइएसएफ के जवान के अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया है. वहीं दूसरे और तीसरे स्तर पर बीएमपी के जवान को तैनात किया गया है. किसी भी प्रत्याशी या उनके निर्वाचन अभिकर्ता के साथ किसी भी सुरक्षा गार्ड को मतगणना केंद्र के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.
मंगलवार की सुबह आठ बजे से जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र की मतगणना प्रारंभ कर दी जायेगी. मतगणना केंद्र पर आलमनगर, बिहारीगंज, मधेपुरा व सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग विधानसभा वार मतगणना केंद्र बनाया गया है. मुख्य द्वार के पास लाउड स्पीकर लगाया गया है, ताकि मतगणना की अद्यतन जानकारी की उद्घोषणा समर्थक सुन सकें. पहला रूझान नौ बजे सुबह से मिलने लगेगा.
सुरक्षा के लिए बनाये गये ड्रॉप गेट
इसके अलावा मतगणना केंद्र के आसपास कई ड्रॉप गेट बनाये गये हैं और इन पर भी लाउड स्पीकर लगाये गये हैं ताकि अनावश्यक भीड़ न उत्पन्न हो. मतगणना केंद्र की ओर जाने वाली मुख्य मार्गों पर बैरियर लगाया गया है. बैरियर के समीप दंडाधिकारी व पुलिस पुलिस पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है. मतगणना केंद्र के आसपास बनाये गये ड्रॉप गेट के पास सुरक्षा की पूरी व्यवस्था रहेगी. इसके लिए गश्ती दलों को तैनात किया गया है. निर्धारित रूट पर गश्ती दल स्थिति पर नजर रखे रहेंगे. शहर की ओर आने वाले सभी मार्गों पर भी सुरक्षा का प्रबंध रहेगा.