Bihar Breaking News Live: बगहा में 24 अगस्त तक इंटरनेट सेवा सस्पेंड

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को...

Live Updates
10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास फायरिंग

राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास फायरिंग की सूचना है. इस गोलीबारी में दो लोगों के घायल होने की खबर है. दोनों का इलाज किया जा रहा है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

गंगा, गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती, कमला बलान, कोसी और घाघरा में कमी के संकेत

पटना. राज्य में गंगा, गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती, कमला बलान, कोसी और घाघरा सहित मुख्य नदियों के जलस्तर में मंगलवार सुबह कमी के संकेत मिले. हालांकि सुबह करीब 10 बजे गंडक नदी का जलस्तर गोपालगंज के डुमरियाघाट और कोसी नदी का खगड़िया जिले के बलतारा में खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया. बाढ़ से सुरक्षा के लिए जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं अभियंता अलर्ट हैं. जल संसाधन विभाग के अनुसार सुपौल के वीरपुर स्थित कोसी बराज पर एक लाख 45 हजार 685 क्यूसेक जलस्राव दर्ज किया गया. इसकी प्रवृत्ति बढ़ने की है. बराज में कुल 56 में से 19 गेट खुले थे. वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज पर एक लाख दो हजार 100 क्यूसेक जलस्राव दर्ज किया गया. इसकी प्रवृत्ति स्थिर है. बराज के सभी 36 गेट खुले थे.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

शोषित समाज दल के संस्थापक रामस्वरूप वर्मा की जयंती मनायी गयी

पटना. यारपुर में शोषित समाज दल के प्रदेश कार्यालय में शोषित समाज दल के संस्थापक रामस्वरूप वर्मा की 100वीं जयंती मनायी गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता शोषित समाज दल युथ के पटना जिला अध्यक्ष सूरज कुमार ने की. मुख्य अतिथि शोषित समाज दल के राष्ट्रीय महामंत्री प्रो उमाकांत राही ने रामस्वरूप वर्मा के जीवन व कृतित्व पर प्रकाश डाला. वे कहते थे कि बगैर सामाजिक परिवर्तन के राजनीतिक परिवर्तन नहीं होगा. राजनीतिक परिवर्तन नहीं होने पर आर्थिक परिवर्तन नही होगा. शोषित समाज दल युथ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि आज महापुरुषों का विचार व सिद्धांत खतरे में है.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

मौसम केंद्र पूर्णिया में पोर्टो केबिन का उद्घाटन

पूर्णिया. मौसम केंद्र पूर्णिया में पोर्टो केबिन का उद्घाटन केंद्र के प्रभारी डीके भारती ने किया. इस अवसर पर सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार मौजूद थे. पोर्टा केबिन शुरू होने के बाद अब मौसम केंद्र के भवन निर्माण कार्य में तेजी आयेगी. वर्तमान में जिस जगह पर मौसम विभाग का ऑफिस है, वह भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल के बीचों-बीच है. ऐसे में बिना ऑफिस को पोर्टा केबिन में शिफ्ट किये निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सकता था. मौसम केंद्र का नया भवन बनने के बाद ही डोपलर व रडार के साथ-साथ कई बड़े उपकरण भी लगाये जायेंगे. पोर्टा केबिन शुरू होने के बाद 24 घंटे मौसम की जानकारी केंद्र और राज्य सरकार को उपलब्ध करायी जायेगी. पोर्टा केबिन लगने के बाद से यहां पदाधिकारियों की संख्या बढ़ेगी. वर्तमान समय में सुबह से शाम तक के मौसम का अपडेट यहां से भेजा जाता है.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

कनहा नदी की उपधारा में डूबने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत

मधुबन. राजेपुर थाना क्षेत्र के फाजिलपुर गांव से होकर गुजरने वाली कनहां नदी के उपधारा में पांच वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गयी है. मृतका फाजिलपुर गांव के विकास कुमार यादव की पुत्री तन्नू कुमारी है. जानकारी के अनुसार तन्नू बच्चों संग खेल रही थी. इसी दौरान नदी की उपधारा में फिसलकर गिर गयी, जिससे उसकी मौत हो गयी. बच्चों के द्वारा शोरगुल के बाद तन्नू को आसपास के लोगों ने नदी से बाहर निकाला. सूचना पर राजेपुर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया. थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. इधर, घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है. मृतका की मां व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

ठनका गिरने से महिला जख्मी

सासाराम. रोहतास स्थानीय शहर के कोटा गांव के घर पर ठनका गिरने से एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से झुलस गई. झुलसी महिला को स्थानीय सदर अस्पताल में इलाज के लिए परिजनों ने भर्ती कराया. झुलसी महिला कोटा गांव की लक्षिया कुंवर बताई जाती है. उक्त महिला घर पर सीढ़ी के पास बैठी हुई थी इस दौरान तेज मूसलाधार बारिश के साथ गर्जन के बीच ठनका गिर पड़ा, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. उसका इलाज स्थानीय सदर अस्पताल में चल रहा है.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

बगहा में 24 अगस्त तक इंटरनेट सेवा सस्पेंड

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल में 24 अगस्त तक इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी लगा दी गयी है. गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ ने मंगलवार को इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया. आदेश के मुताबिक 22 अगस्त की दोपहर 2 बजे से 24 अगस्त की दोपहर दो बजे तक सोशल मीडिया नेटवर्क व अन्य माध्यमों से संदेशों के आदान-प्रदान पर पूर्णत: रोक रहेगी. वाट्सअप, फेसबुक, ट्विटर सहित अन्य मैसेजिंग एप नहीं चलेंगे. बगहा एसपी द्वारा क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल किये जाने की आशंका को देखते हुए उनकी अनुशंसा पर यह पाबंदी लगायी गयी है. हालांकि सरकारी सेवाओं को इससे छूट रहेगी.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

ट्रेन इंजन पर चढ़ सेल्फी ले रहे युवक को लगी करेंट, गंभीर

सिकटा. स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पूर्व से खड़ी एक ट्रेन इंजन पर चढ़ कर सेल्फी लेना एक युवक को महंगा पड़ गया. रेलवे के बिजली के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस कर जख्मी हो गया है. झुलसे युवक की पहचान कंगली थानाक्षेत्र के सेनवरिया गांव निवासी मकसूद मिया के पुत्र बख्तियार आलम (16)के रूप में की गई है. स्टेशन पर खड़े लोगों ने आनन-फानन में उसे टांग कर इलाज के लिए सिकटा अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देख चिकित्सा प्रभारी डॉ अनवार अहमद ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए बेतिया भेज दिया. वहां से भी उसको पटना रेफर कर दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिकटा रेलवे स्टेशन पर दो रेल इंजन पहले से खड़ी था. एक इंजन पे उपर चढकर सेल्फी ले रहा था. इसी बीच रेल परिचालन होने वाले पच्चीस हजार वॉल्ट(25 केवी) के बिजली सप्लाई वाली तार के चपेट में आकर झुलस नीचे गिर गया. इससे उसके सिर पर भी चोट लग गया. जख्मी के भाई जमाल ने बताया कि उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेतिया से पटना रेफर कर दिया है.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

मारपीट में पति-पत्नी सहित तीन जख्मी

मदनपुर. मदनपुर थाना क्षेत्र के शिवनाथ बिगहा गांव में आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई, जिसमें पति-पत्नी सहित तीन लोग जख्मी हो गये. ज़ख्मियों में उक्त गांव निवासी जितेंद्र चौधरी, पत्नी विंध्याचल देवी व हिमांशु कुमार शामिल हैं. तीनों जख्मियों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है. इस मामले की सूचना मदनपुर थाना की पुलिस को दी गयी है.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

बिस्फी में डूबने से बच्चे की मौत

बिस्फी : प्रखंड क्षेत्र की रघौली पंचायत के हसनपुर टोल में एक बच्चे की पानी में डूब जाने के कारण मौत हो गयी. विजय सदाय के आठ वर्षीय पुत्र विशाल कुमार घर के नजदीक नदी किनारे सोमवार की देर शाम गया और वह पानी में फिसल गया जिससे उसकी मौत पानी में डूबने से हो गई. मृतक विशाल कुमार का शव देर रात तक खोजने के बाद नहीं मिल पाया. जबकि मंगलवार की सुबह लोगों ने नदी में शव को उपलाते देखा और उसे बाहर निकाला. सूचना मिलने पर बिस्फी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया गया है. सीओ नसीन निशांत कुमार ने परिवार वालों को सांत्वना देते हुए कहा कि मृतक के परिवार को सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा.

10:02 PM. 22 Aug 23 10:02 PM. 22 Aug

नाबालिग को भगाने में आरोपित गिरफ्तार

हसपुरा. हसपुरा पुलिस ने नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में दाउदनगर थाना क्षेत्र के एक गांव से आरोपित को गिरफ्तार किया है. अंतत: कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है. बताया जाता है आरोपित के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसला कर भगाने का मामला दर्ज था. थानाध्यक्ष अजय शंकर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में समर्पित कर जेल भेज दिया गया. उन्होंने बताया की नाबालिग लड़की का कोर्ट में बयान दर्ज कर उसे अभिभावक को सौंप दिया गया है.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

छपरा में युवक का शव बरामद

छपरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उमधा फोरलेन के समीप पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है. मृतक भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी मुखी राय का पुत्र जयप्रकाश उर्फ सिंटू बताया जाता है. इस संदर्भ में प्रशिक्षु डीएसपी विवेक दीप ने बताया कि फोरलेन के समीप से एक युवक जिसके गले पर वार कर हत्या कर दी गई है. वहीं उन्होंने बताया कि हत्या के संदर्भ में जानकारी जुटाए जा रही है. शव के मिलने के महज कुछ मिनट पहले ही प्रशिक्षण डीएसपी व मुफसिल थाना की गस्ती  गाड़ी 12 बजे उधर से गुजरी थी. लेकिन शव को किसी ने भी नहीं देखा हालांकि 10 मिनट के अंदर ही सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले कर जांच मे जुट गयी हैं. बताया जाता हैं की युवक एक माह पहले गुजरात से अपने घर पहुंचा था.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

नालंदा में किसान की सड़क दुर्घटना में मौत

नालंदा में एक किसान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. रहुई थाना क्षेत्र के एसएच 78 सोनसा सलमाबाद मोड़ के पास अहले सुबह मंगलवार को खेत पटवन के लिए जा रहे किसान को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया. जिससे किसान की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सुबह जब ग्रामीण सड़क पर टहलने के लिए गए तो देखा सड़क पर किसान का शव देखा. वहीं स्थालोगों ने इसकी सूचना रहुई पुलिस को दी.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

झोला छाप डॉक्टर के यहाँ इलाज कराने आए युवक की हुई मौत

नालंदा के नगरनौसा थाना क्षेत्र के कैला गांव में सोमवार की देर रात गांव के ही झोलाछाप डॉक्टर के यहाँ इलाज कराने पहुंचे युवक की मौत हो गयी. मृत युवक की पहचान गांव के ही कारू पासवान के पुत्र रजनीकांत कुमार के रूप में की गयी. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहार शरीफ़ भेज दिया गया.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

नीतीश कैबिनेट बैठक में 25 एजेंडों पर लगी मुहर

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक मंगलवार को संपन्न हुई. कुल 25 एजेंडों पर मुहर लगाया गया. शिक्षक परीक्षा के लिए 35 करोड़ 60 लाख रूपए स्वीकृत किए गए. जबकि सहरसा में मेडिकल कॉलेज निर्माण को मंजूरी दी गयी.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

रक्सौल में डूबने से एक युवक की मौत

रक्सौल चडरहिया पंचायत के सेवराहा मध्य विद्यालय के समीप सेवराहा मन में डूबने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. उसकी पहचान फुलेना कुमार पुत्र चडरहिया बिन टोली वार्ड नंबर 12 निवासी मकुन बीन के रूप में हुई. मृतक दिव्यांग था. वह शौच करने गया था, पैर फिसलने से सेवराहा मन में डूब गया. ग्रामीणों ने शव निकाल पुलिस को सूचना दी. थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

पीएमसीएच में मजदूर की मौत

पटना के पीएमसीएच अस्पताल में बड़ा हादसा हुआ. जहां छज्जा गिरने से एक मजदूर की मौत उसके चपेट में आकर हो गयी. भवन निर्माण कार्य में लगे मजदूर की मौत हुई है.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

मुंगेर में सड़क हादसा

मुंगेर में एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे घर के बाहर लगे ऑटो और तीन ई रिक्शा को क्षतिग्रस्त कर दिया. इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. मामला साफियाबाद ओपी क्षेत्र के डकरा सतखजुरिया का है. पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया. घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

अररिया में छापामारी में स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

अररिया: जोगबनी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार की देर शाम को फारबिसगंज डीएसपी खुशरू सिराज के नेतृत्व में जोगबनी नगर परिषद अंतर्गत अमौना वार्ड संख्या 21 के यादव टोला में छापामारी कर 119 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज यादव पिता नारायण यादव अमौना वार्ड संख्या 21 व श्रवण मंडल पिता सकुल मंडल दक्षिण माहेश्वरी वार्ड 18 के रूप में हुई है.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

लालू यादव इंडिया गठबंधन पर बोले..

लालू यादव ने कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन में कन्वेनर बनाए जाएंगे. भाजपा को हराने के लिए इंडिया गठबंधन कई राज्यों के लिए एक कन्वेनर बनाए जाएंगे.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

अररिया में स्कॉर्पियो की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

अररिया के नरपतगंज-फारबिसगंज एनएच पर पंचगछिया चौक के समीप सोमवार को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने साइकिल सवार को पीछे से ठोकर मार दिया. इस घटना में साइकिल सवार की मौके पर हीं मौत हो गयी, घटना के बाद स्काॅर्पियो चालक गाड़ी लेकर भाग निकला. लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी नरपतगंज थाना के समीप पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को पकड़ लिया. मृतक 45 वर्षीय पोसदाहा वार्ड संख्या 08 निवासी सिद्धयानंद यादव पिता नंदी यादव बताया जा रहा है.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

गोपालगंज पहुंचे लालू यादव, मां की प्रतिमा पर चढ़ाया माला

गोपालगंज पहुंचे लालू यादव ने अपनी मां मरसिया देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. लालू यादव अपने गांव फुलवरिया के लिए रवाना हुए. इससे पहले राजद सुप्रीमो ने थावे की दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना की.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

आरा में ट्रेन से गिरकर मजदूर की मौत

भोजपुर में बिहिया रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर पूर्वी चंपारण निवासी मजदूर की मौत हो गई. घटना को लेकर लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही. रेल सूत्रों के अनुसार मृतक पूर्वी चंपारण जिला के मझौलिया थाना क्षेत्र के थरभितिया गांव निवासी लक्ष्मण साह का 55 वर्षीय पुत्र दुख साह बताया जाता है.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

थावे दुर्गा मंदिर पहुंचे लालू यादव

राजद सुप्रीमो लालू यादव मंगलवार को अपने गृहजिला गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर पहुंचे. उनके साथ राबड़ी देवी भी मौजूद हैं. दोनों ने पूजा अर्चना की. लालू यादव आज अपने गांव जाएंगे.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा

जमुई में सदर थाना क्षेत्र के अड़सार गांव में पुलिस ने छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है. अड़सार गांव में मिनी गन फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था. जहां हथियार का निर्माण के साथ बिक्री भी की जाती थी. छापेमारी टीम द्वारा बीते रविवार की देर रात अड़सार गांव निवासी मो एमन की जमीन पर लगे मोबाइल टावर में छापेमारी की गयी. मोबाइल टावर के कैंपस में मिनी गन फैक्ट्री संचालित करने की लेथ मशीन ड्रिल मशीन व 22 प्रकार के शास्त्र बनाने के उपकरण बरामद किये. साथ ही चोरी की दो मोटरसाइकिल भी बरामद की. जबकि अंधेरे का फायदा उठाते हुए अपराधी भाग निकले.

3:07 PM. 22 Aug 23 3:07 PM. 22 Aug

अमृतसर में सहरसा के मजदूर की मौत, घर में मचा कोहराम

सहरसा: मनखाही गांव निवासी मजदूर बिजो सादा (38 वर्ष) अमृतसर में काम करने के दौरान मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा है. इस घटना के बाद ठेकेदार द्वारा मनमानी करने व शव को घर नहीं भेजने से परिवार के सदस्य परेशान हैं. मनखाही के भूपो सादा ने ग्रामीणों के साथ बिहरा थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगायी है. पीड़ित पिता ने बिहरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मेरे पुत्र बिजो सादा को भतरंधा, मधेपुरा के ठिकेदार परमानंद यादव ने रोड कार्य करवाने के लिए अमृतसर ले गया, जहां कार्य करने के दौरान मशीन की झरनी से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया, इलाज के दौरान मौत हो गयी. पीड़ित पिता के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने बिजो सादा के शव मनखाही लाने एवं पीड़ित परिवार के लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. बिहरा थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि पुलिस द्वारा आवेदन के आलोक में छानबीन की जा रही है.

7:17 AM. 22 Aug 23 7:17 AM. 22 Aug

दारोगा हत्याकांड में 4 गिरफ्तार

समस्तीपुर के मोहनपुर में ओपी प्रभारी नंद किशोर यादव हत्याकांड में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बदमाशों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं. वहीं ट्रक और पीकअप को भी जब्त किया गया है. एसपी विनय तिवारी ने कहा कि अभी 6 बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है.

मुख्य बातें

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >