आरा : स्थानीय नागरी प्रचारिणी सभागार में उप विकास आयुक्त शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में बैठक की गयी, जिसमें लोकसभा आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयरहित संपन्न कराने को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को उनके कार्य एवं दायित्व से रूबरू कराया गया.
वहीं अब तक सेक्टर दंडाधिकारियों, फ्लाइंग स्क्वायड टीम एवं स्टेटिक सर्विलांस टीम को पूर्व में दिये गये निर्देश के अनुरूप अब तक की गयी कार्रवाई की प्रगति की भी समीक्षा की गयी.
बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व फ्लाइंग स्क्वायड टीम एवं स्टेटिक सर्विलांस टीम अपने-अपने निर्धारित स्थल पर आयोग द्वारा निर्दिष्ट कार्य को पूरी जवाबदेही एवं निष्ठा से पूरा कर विहित प्रपत्र में प्रतिदिन प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे. चुनाव कार्य संवैधानिक दायित्व है.
इसलिए इस कार्य में कोताही एवं लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में विधान सभावार प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट से बूथवार एवं टोलावार भेद्य परिवारों की संख्या तथा भेद्य मतदाताओं की संख्या, नाम एवं पता की समीक्षा की गयी तथा कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
बैठक में प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट से बालू माफिया, शराब माफिया तथा शराब पीनेवाले व्यक्ति, शराब की बिक्री करनेवाले व्यक्ति पर भी नजर रखी जाये. वहीं गैर लाइसेंसी हथियार लेकर घूमनेवाले तथा असामाजिक तत्वों की सूची तैयार कर प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल व उम्मीदवार द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन की शिकायत अगर मिलती है तो संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट व फ्लाइंग स्क्वायड टीम अविलंब त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे. स्टेटिक सर्विलांस टीम द्वारा मुख्य मार्गों पर वाहन चेकिंग का सघन अभियान चलाते हुए मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करनी है.
वाहन चेकिंग के दौरान 10 लाख नकदी पाये जाने पर फौरन कार्रवाई कर डीडीसी को दें सूचना : वाहन जांच के दौरान शराब, शस्त्र, नकद राशि पाये जाने पर संबंधित दंडाधिकारी द्वारा उस सामग्री की जब्ती कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने कहा कि वाहन जांच के दौरान अगर 10 लाख रुपये की राशि पायी जाती है तो इसकी जानकारी अविलंब आयकर विभाग को दिया जाये. साथ ही जिला स्तर पर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यों की कमेटी इस कार्य की जांच कर नियमानुसार निर्णय लेगी. अगर 50 हजार रुपये की राशि वाहन जांच के क्रम में पाया जाता है तो राशि की जब्ती कर पूछताछ की अग्रेत्तर कार्रवाई की जायेगी. गैर लाइसेंसी हथियार, शराब अथवा नकद राशि पाये जाने पर जब्ती एवं एफआइआर की कार्रवाई की जायेगी.
सभी चेक पोस्ट एवं नाका पर स्टेटिक सर्विलांस टीम के अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के साथ वीडियोग्राफर भी रहेंगे. दंडाधिकारी की उपस्थिति में पुलिस पदाधिकारी द्वारा एफआइआर की कार्रवाई की जायेगी तथा जांच की वीडियोग्राफी करायी जायेगी.
आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्तियों की पहचान कर विधि सम्मत कार्रवाई करें : आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्तियों अथवा असामाजिक तत्वों के आवाजाही पर पैनी नजर रखी जायेगी.
बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को आगामी बैठक में सभी कार्यों की तैयारी पूरी कर उपस्थित रहने एवं समीक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारी कर लेने के लिए सावधान किया. बैठक में विधि व्यवस्था को शाम के प्रभारी पदाधिकारी संजीव कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रमोद कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी दीलेंद्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शशि प्रभा, सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, सभी फ्लाइंग स्क्वायड टीम ,सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे.
