रंजय हत्याकांड में काफी दिनों से झारखंड पुलिस की थी तलाश, भोजपुर में भी मामा था नामजद
आरा : रंजय हत्याकांड सहित कई मामलों का आरोपित नंद किशोर सिंह उर्फ बब्लू सिंह उर्फ मामा को मंगलवार को सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच करने के बाद उसे ले जाने की अनुमति दे दी गयी, जिसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरा करने के बाद झारखंड पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गयी. उसके खिलाफ कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट निर्गत किया गया था. सोमवार को प्रोडक्शन वारंट लेकर धनबाद पुलिस आरा पहुंची थी, लेकिन मेडिकल पेच के कारण उसे रोक लिया गया था.
मंगलवार की सुबह आरा सदर अस्पताल में उसके चिकित्सीय जांच को लेकर एक बोर्ड का गठन किया गया, जिसमें डॉ आशुतोष कुमार, डॉ केएस चौबे तथा डॉ एमएच अंसारी को शामिल किया गया. डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम द्वारा जांच की गयी. जांचोपरांत उसकी स्थिति सामान्य पायी गयी, जिसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दी गयी. अस्पताल से पुलिस ने उसे आरा मंडल कारा पहुंचाया,
जहां कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे धनबाद पुलिस को सौंप दिया गया. बता दें कि रंजय हत्याकांड व भोजपुर में पुलिस पर हमला करने के मामले में वह फरार चल रहा था. भोजपुर पुलिस व एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ गांव से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था. जेल में जाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
रिमांड पर लेने के लिए धनबाद पुलिस ने कोर्ट में दी थी अर्जी : इधर भोजपुर जिले में मामा की गिरफ्तार होने की सूचना जैसे ही धनबाद पुलिस को मिली. धनबाद पुलिस द्वारा रिमांड पर लेने के लिए ने कोर्ट में अर्जी दी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया. सोमवार को उसे लेने के लिए धनबाद पुलिस आरा पहुंची थी. रविवार को अचानक उसके सीने में दर्द होने की शिकायत पर आरा मंडल कारा प्रशासन द्वारा उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया.
सोमवार को प्रोडक्शन वारंट लेकर धनबाद पुलिस जैसे ही आरा मंडल कारा पहुंची़ उसकी तबीयत अचानक खराब हो जाने से उसे डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच की गयी. जांचोपरांत डॉक्टरों की टीम ने बताया कि अभी उसकी हालत ठीक नहीं है, जिसके कारण धनबाद पुलिस उसे
रिमांड पर लेने के लिए परेशान रही.
भोजपुर पुलिस पर हमला करने के मामले में था नामजद : भोजपुर पुलिस पर हमला करने के मामले में नंदकिशोर सिंह उर्फ बबलू सिंह उर्फ मामा नामजद अभियुक्त था. भोजपुर पुलिस ने इसके खिलाफ मुफस्सिल थाना कांड संख्या 135/2018 में तलाश कर रही थी. पुलिस ने बताया कि 1 मई, 2018 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भकुरा गांव में अपनी भगीनी की शादी में शामिल होने भोजपुर आया था. शादी के दौरान पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार करने गयी थी, जहां उसे छुड़ाने के लिए लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया था, जिसमें पांच पुलिस कर्मी जख्मी हो गये थे.
अस्पताल से लेकर जेल तक मची रही अफरातफरी : नंदकिशोर सिंह उर्फ बबलू सिंह उर्फ मामा को मंगलवार को धनबाद पुलिस अपने साथ लेकर चली गयी. इसको लेकर सदर अस्पताल से लेकर आरा मंडल कारा तक लोगों की भीड़ जुटी रही. हाई प्रोफाइल मामले में पूरे सदर अस्पताल में लोगों की भीड़ जुटी रही. लोग जानने के लिए आतुर रहे. काफी मशक्कत के बाद उसे सदर अस्पताल से जेल भेजा गया. जहां से धनबाद पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर ले गयी.
सुरक्षा को लेकर पुलिस थी अलर्ट : नंदकिशोर सिंह उर्फ बबलू सिंह उर्फ मामा को लेकर भोजपुर पुलिस विशेष रूप से सतर्क रही. इसको लेकर एहतियात के तौर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिये गये थे. अस्पताल से लेकर जेल तक सुरक्षा व्यवस्था तैनात किये गये थे. उसे झारखंड पुलिस के हवाले करने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है.
