कार्यक्रम. वीर कुंवर सिंह विवि में सम्मान समारोह में पहुंचे पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर
जल्द होगा बिहिया जगदीशपुर, पीरो व दनवार बिहटा रोड का चौड़ीकरण
विवि को खुद नूतन परिसर सड़क का करना होगा निर्माण
स्पोर्ट्स के 219, एनएसएस के 50 व एनसीसी के 52 छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत
आरा : वीर कुंवर सिंह विवि के नये भवन नूतन परिसर के परीक्षा हॉल में पहली बार संयुक्त सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इसमें स्पोर्ट्स के 219, एनएसएस के 50, एनसीसी के 52 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया.
अध्यक्षता कुलपति सैयद मुमताजुद्दीन ने की व मंच का संचालन एनएसएस समन्वयक डॉ गुलाब फलहारी ने किया. धन्यवाद ज्ञापन अमित कुमार सिंह ने किया. मुख्य अतिथि के रूप बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव को बुके व मोमेंटो देकर उन्हें सम्मानित किया गया. समारोह की शुरुआत संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित व कुंवर सिंह की प्रतिमा पर मल्यार्पण कर हुआ. पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने आरा-मोहनिया रोड की दुर्दशा पर बोलते हुए कहा कि इस पथ का जल्द- से- जल्द विकास किया जायेगा.
गड्ढे भरे इस रोड को फोर लेन के रूप में बदलने की मेरी योजना है. उन्होंने सासाराम-पटना को फोर लेन से जोड़ने की बात तथा पटना-आरा फोर लेन पर काम शुरू होनी की बात कही. यादव ने कहा कि बिहिया, जगदीशपुर, पीरो व धनवार बिहटा के रोड को चौड़ीकरण किया जायेगा. नूतन कैंपस के पथ निर्माण पर उन्होंने कहा कि इसके लिए विवि को खुद प्रयास करना होगा. हम विवि के पथ का निर्माण नहीं करा सकते.
सड़क बनाने से देश का विकास नहीं होगा बल्कि सोच बदलने से देश का विकास होगा. कुलपति प्रो सैयद मुमताजुद्दीन ने पढ़ाई के अलावा अपने खेलों के प्रति रुचि को बताया और कहा कि इस साल स्पोर्ट्स कैलेंडर में कई नये खेलों को शामिल किया गया.
उन्होंने विजी ट्रॉफी में हाथ मारने वाले हृदयानंद सिंह व तीरदांजी में देश में 18 वां स्थान पाने वाली पूजा कुमारी का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों को सीख लेनी की जरूरत है. स्वच्छता पर बोलते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियों में स्वस्थ भारत मिशन के तहत स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. इसमें ज्यादा- से- ज्यादा छात्रों को भाग लेने की जरूरत है.
अच्छा प्रदर्शन करनेवालों को कॉलेज, विवि व राष्ट्रीय स्तर पर उनको पुरस्कृत किया जायेगा. उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए अपनी सहभागिता इसमें बढ़ाने की बात कही. कुलपति ने कहा कि किसी भी संसाधन से नूतन परिसर के पथ का निर्माण किया जायेगा. कुलसचिव ने कर्नल श्यामानंद झा ने कहा कि सेना की टुकड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि इसे जिले का जवान पूरी दुनिया को जीतने की ताकत रखता है.
अब उसको सीधा दिशा देने की जरूरत है. शैलेंद्र कुमार ने कहा कि विवि में मूलभूत सुविधाओं से कमी तो है लेकिन उन कर्मियों के बाद भी विवि के छात्रों ने देश में अपना परचम लहराया यह बहुत बड़ी उपलब्धि है. अमित कुमार सिंह ने कहा कि यदि विवि संसाधन की व्यवस्था करे तो हम अपनी हर जगह परचम लहरा सकते हैं.
कुंवर सिंह की प्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण: कुंवर सिंह की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, कुलपति, कुलसचिव, डीन, लोकसूचना पदाधिकारी, छात्र संघ अध्यक्ष द्वारा कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. उन लोगों द्वारा संयुक्त दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गयी.
