बिहिया : थाना क्षेत्र के बिहिया गांव में भैंस चुराने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक महिला की मौत हो गयी. वहीं इस दौरान दोनों पक्षों के कुल पांच लोग जख्मी हो गये. यह घटना शनिवार की देर रात की बतायी जा रही है. महिला का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. मृतका की पहचान बिहिया गांव निवासी दीनानाथ यादव की पत्नी लक्ष्मीना देवी 58 वर्ष रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार लिया है.
शनिवार की रात बिहिया गांव निवासी दीनानाथ यादव की भैंस दरवाजे से चोरी कर ले जाते देख घर के लोग हल्ला मचाते हुए आरोपित के घर तक पहुंच गये, जहां आरोपित से पूछताछ शुरू हुई. पूछताछ के दौरान बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों की ओर से लाठी व डंडे से मारपीट शुरू हो गयी. मारपीट में ही लक्ष्मीना देवी की मौत हो गयी, जिसके बारे में मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसे पीट-पीट कर मार डाला गया. हालांकि पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही इस पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
