अपहरण की आशंका, परिजन परेशान
पीरो : हसनबाजार ओपी के सुखरौली गांव निवासी पशु व्यवसायी चंद्रभूषण साह के अपहरण की आशंका को लेकर उनके परिजन काफी परेशान हैं. इस सिलसिले में उनकी पत्नी मीरा देवी के बयान पर हसनबाजार ओपी में एक मामला दर्ज किया गया है.
पत्नी मीरा देवी ने बताया कि तीन अप्रैल की शाम उनके गांव के एक आदमी के साथ गोंगसड़ गांव के एक आदमी उनके घर पर आये. दोनों व्यक्ति उनके पति को भैंस खरीदने की बात कहकर अपने साथ लेकर चले गये. जब दो दिनों बाद तक चंद्रभूषण साह घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी ने उन दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की.
दोनों व्यक्तियों ने उनकी पत्नी को बताया कि चंद्रभूषण साह उसी रात घर चले गये थे. काफी खोजबीन के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो उनकी पत्नी द्वारा अनहोनी की आशंका जताते हुए हसनबाजार ओपी में एक मामला दर्ज कराया गया है. आठ दिनों बाद भी पशु व्यवसायी का सुराग नहीं मिलने के कारण उनके परिजन और रिश्तेदार काफी परेशान हैं. परिजनों और रिश्तेदारों ने इस मामले में वरीय पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगायी है.
