जनरल यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दो कोच भी उपलब्ध कराये
आरा : मंडुआडीह-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस के शुरू होने से पहले टिकटों की बिक्री शुरू हो गयी है. आरा से वाराणसी के लिए चार लोगों ने ऑनलाइन टिकट बुक कराया है. रेलवे ने नयी ट्रेन मंडुआडीह- पटना इंटरसिटी नंबर 15126 का किराया जारी कर दिया है. आरा से पटना के बीच यात्रा करनेवाले लोगों महज 45 रुपये में कुर्सीयान में कन्फर्म सीट मिल जायेगी. वहीं बक्सर से आरा के बीच की यात्रा के लिए 55 रुपये यात्रियों को वहन करने पड़ेंगे. इसमें मंडुआडीह से पटना तक एसी चेयरकार का किराया 378 रुपये तो सेकेंड चेयरकार का किराया 100 रुपये और जनरल कोच का किराया 85 रुपये होगा.
ट्रेन में सीट की बुकिंग शनिवार देर शाम शुरू हो गयी. सोमवार तक 117 से अधिक टिकट आरक्षित हो गये. आरा से वाराणसी के लिए एसी कुर्सीयान में 315 रुपये लिये जायेंगे. इसमें 360 रुपये किराया, 40 रुपये अतिरिक्त चार्ज व 15 रुपये जीएसटी के तौर पर लिये जायेंगे. उद्घाटन के समय स्पेशल ट्रेन 13 बोगियों को लेकर आयी. हालांकि नियमित तौर पर यह ट्रेन 16 बोगियों की होगी.
आज से नियमित चलेगी ट्रेन : वाराणसी से उद्घाटन स्पेशल ट्रेन सोमवार की देर शाम आरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची. उद्घाटन स्पेशल ट्रेन पीएम के कार्यक्रम को लेकर शाम में चलायी गयी. वहीं नियमित तौर पर डाउन में यह ट्रेन मंगलवार की सुबह 8 बजकर 43 मिनट पर बक्सर से खुलेगी. इसके बाद 9 बजकर 40 मिनट पर आरा में आयेगी और दो मिनट रुकने के बाद पटना के लिए खुल जायेगी. अप में आरा से यह ट्रेन 6 बजकर 22 मिनट पर खुलेगी और 7 बजे बक्सर पहुंच जायेगी. पटना से यह ट्रेन शाम वाराणसी के लिए शाम 5 बजकर 45 मिनट पर खुलेगी.
