आरा : अब रेलवे में ट्रैक मेंटेनर के पद से सेलेक्ट होकर इंजीनियरिंग गेट पर कार्य करने वाले कर्मियों को हार्ड ड्यू्टी अलाउंस व गेट अलाउंस दोनों दिया जायेगा. इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने एक पत्र जारी कर देश के सभी जोनल मैनेजर व प्रोडक्शन यूनिट हेड को निर्देश दिया है. सातवें वेतन आयोग के अनुसार इंजीनियरिंग विभाग में तैनात वैसे गेटमैन जो ट्रैक मेंटेनर के पद से चुने गये हो. उन कर्मचारियों को रिस्क एवं हार्ड ड्यूटी अलाउंस के रूप में 2700 रुपये प्रतिमाह व इंजीनियरिंग गेट पर तैनात गेटमैन को स्पेशल गेटमैन एलाउंस के रूप में एक हजार रुपये प्रतिमाह देने की बात कही गयी थी, लेकिन इसे दिया नहीं जा रहा था.
पर्याप्त गेटमैन नहीं रहने के कारण ट्रैक मेंटेनर को गेटमैनों के पद पर रखकर कार्य लिया जा रहा था, लेकिन गेट अलाउंस नहीं दिया जा रहा था. इस मामले को लेकर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन बक्सर शाखा अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने पीएनएन मीटिंग में उठाया व अपने कर्मचारी यूनियन के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव के माध्यम से मामले को दिल्ली तक पहुंचाया. इसके बाद एआईआरएफ के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा रेलवे बोर्ड के अधिकारियों से मिलकर दोनों एलाउंस को देने की मांग की. यूनियन के नेताओं की मांग के आलोक में रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर पेय कमीशन सातवां जया कुमार ने एक पत्र जारी कर सभी अधिकारियों को दोनों एनाउंस देने का निर्देश दिया है.
