पीरो में सरेआम फायरिंग, थाना प्रभारी पर भी किया हमला

पीरो में दो जगहों पर अपराधियों ने की गोलीबारी, मची भगदड़ पीरो : पुलिस की कथित चाक चौबंद व्यवस्था को धता बताते हुए बेखौफ अपराधियों ने सरेआम फायरिंग कर पीरो बाजार में दहशत फैला दी. इस दौरान बेखौफ अपराधियों ने थाना प्रभारी पर भी हमला कर दिया. हालांकि इसमें थाना प्रभारी बाल-बाल बच गये. भागने […]

पीरो में दो जगहों पर अपराधियों ने की गोलीबारी, मची भगदड़

पीरो : पुलिस की कथित चाक चौबंद व्यवस्था को धता बताते हुए बेखौफ अपराधियों ने सरेआम फायरिंग कर पीरो बाजार में दहशत फैला दी. इस दौरान बेखौफ अपराधियों ने थाना प्रभारी पर भी हमला कर दिया. हालांकि इसमें थाना प्रभारी बाल-बाल बच गये. भागने के क्रम में अपराधी हसन बाजार ओपी प्रभारी नरेंद्र कुमार से टकरा गये और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. दो जगहों पर अपराधियों ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया. भागने के क्रम में अपराधियों की एक बाइक छूट गयी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.
वहीं एक युवक की गिरफ्तारी भी की गयी है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि नोनार गांव निवासी जितेंद्र सिंह बाबूजी विद्या मंदिर के बच्चों को अपने वाहन से लेकर उनके घर छोड़ने के बाद डीजल लेने के लिए पीरो स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे थे. इसी बीच बाइक पर सवार होकर वहां आये अपराधियों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान हथियारबंद अपराधियों ने पिस्टल के बट से मारकर जितेंद्र सिंह को जख्मी कर दिया.
मारपीट कर भागने के क्रम में थाना प्रभारी की कार से टकरा गये अपराधी: मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग रहे थे तभी उनकी बाइक वहां से गुजर रहे हसन बाजार ओपी प्रभारी नरेंद्र कुमार की कार से टकरा गयी. इधर, अपनी कार से निकल कर ओपी प्रभारी ने जब अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया तो अपराधकर्मी ओपी प्रभारी के साथ उलझ गये. इसी बीच वहां पहुंचे अपराधियों के अन्य सहयोगी दूसरी बाइक से वहां पहुंच गये और फायरिंग शुरू कर दी.
जिसका फायदा उठाकर अपराधी भागने लगे. हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस और हसन बाजार ओपी प्रभारी ने अपराधियों का दूर तक पीछा किया, लेकिन अपराधी फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहे.
पीरो पड़ाव मैदान बाजार में भी की फायरिंग
भागने के क्रम में अपराधियों को जब पीरो पड़ाव मैदान में अनुमंडल कार्यालय के समीप मौजूद लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया तो अपराधियों ने वहां भी फायरिंग की और भागने में कामयाब रहे. लोगों के अनुसार भागने के क्रम में एक बाइक पर सवार अपराधी गिर गया,इसके बाद वह बाइक वहीं छोड़ दूसरी बाइक पर सवार होकर अपने साथियों के साथ भागने में सफल रहा. हालांकि पुलिस ने उनका पीछा किया लेकिन वह भाग निकले.
पुलिस ने जब्त कर ली अपराधियों की एक बाइक
बाइक छोड़कर अपराधी वहां से फरार हो गये. पुलिस ने उक्त बाइक को जब्त कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने अपराधियों का सहयोग करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया है जिससे आवश्यक पूछताछ की जा रही है. हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है. वैसे पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान कर ली गयी है और वे जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >