भागलपुर : बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अभिनेता व यूट्यूबर आदर्श आनंद की टीम की ओर से लगातार राहत कार्य किया जा रहा है. इसी क्रम में मंगलवार, 15 सितंबर की शाम टिल्हा कोठी स्थित बाढ़ राहत शिविर में महिलाओं की स्वच्छता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी पैड का वितरण किया गया.
टीम की ओर से बताया गया कि बाढ़ के दौरान राहत सामग्री के रूप में भोजन, पानी और अन्य जरूरी सामान का वितरण कई लोग कर रहे हैं, लेकिन महिलाओं की व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी जरूरतों पर भी ध्यान देना जरूरी है. इसी सोच के साथ टीम ने राहत कार्य के दौरान महिलाओं के बीच सैनिटरी पैड वितरण की पहल की.
इस दौरान सामाजिक सरोकार से जुड़े जागरूक विद्यार्थियों एवं युवाओं में पूजा कुमारी, विद्या श्री, प्रेम गौरव, सुमन कुमार, राहुल कुमार, कुमार सुंदरम और दिव्यांजलि सिंह ने आदर्श आनंद के पिता रवि कर्ण के साथ मिलकर सहयोग किया और महिलाओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण किया.
राहत के साथ महिला स्वच्छता पर भी ध्यान
टीम ने कहा कि आपदा के समय महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड जैसी जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण है. राहत कार्य केवल भोजन और अन्य सामग्री बांटने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महिलाओं की स्वच्छता, स्वास्थ्य और गरिमा से जुड़ी जरूरतों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए.
टीम की इस पहल का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित महिलाओं की स्वच्छता से जुड़ी जरूरतों को सामने लाना और राहत कार्यों में महिला स्वच्छता को भी जरूरी हिस्सा बनाने का संदेश देना है.
