bhagalpur news. बेटे के लिए बर्थ डे की खरीदारी कर लौट रहे रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

सुलतानगंज के जहगीरा गांव के पास मंगलवार देर शाम एक अनियंत्रित अज्ञात हाइवा के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी है.

सुलतानगंज के जहगीरा गांव के पास मंगलवार देर शाम एक अनियंत्रित अज्ञात हाइवा के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी है. घटना की जानकारी मिलते ही युवक को लेकर परिजन सुलतानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचे थे लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. देर रात मृत युवक के शव को ले कर परिजन घर चले गये फिर सुबह मामले की सूचना दी. सूचना पर सुलतानगंज पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. मृतक कमरगंज निवासी सत्यवीर कुमार (40) है. मामले की प्राथमिकी सुलतानगंज थाने में दर्ज कर ली गयी है. परिजनों ने बताया कि 31 दिसंबर को सत्यवीर के पुत्र सार्थक का बर्थडे था. इसलिए सत्यवीर शाम को बर्थडे की खरीदारी करने सुलतानगंज मार्केट गया था. जहगीरा गांव के पास वह एक अज्ञात हाइवा के चपेट में आया. स्थानीय लोगों ने युवक के पास मिले मोबाइल से उसके परिजनों को फोन किया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों ने बताया कि युवक खेती गृहस्थी कर अपना जीविकोपार्जन करता था. उसकी मौत के बाद उसका पूरा परिवार बेसहारा हो गया है. सत्यवीर अपने पीछे पत्नी अभिलाषा कुमारी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है. 2. दो बाइक की टक्कर में घायल एक किशोर की मौत संवाददाता, भागलपुर बांका जिले के लक्ष्मीपुर गांव के पास दो बाइकों के बीच हुई टक्कर में घायल हुए एक युवक और एक किशोर में से किशोर की मौत जेएलएनएमसीएच मायागंज में इलाज के क्रम में हो गयी है. मृतक बांका थाना क्षेत्र के ककना गांव निवासी मुन्ना राउत का पुत्र समल राउत (14) है. जबकि उसके चचेरे भाई रूपेश कुमार का इलाज जेएलएनएमसीएच में चल रहा है. बरारी थाना पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. मृतक के पिता मुन्ना राउत ने बताया कि उसका पुत्र समल राउत अपने चचेरा भाई के साथ किसी काम से बाइक से गया था. घायल को पहले बांका सदर अस्पताल ले गये जहां से दोनों को जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया था. यहां इलाज के क्रम में 30 दिसंबर को देर रात समल राउत की मृत्यु हो गयी. 3. ऑटो पलटने से घायल यात्री की इलाज के क्रम में मौत संवाददाता, भागलपुर बांका जिले के धोरैया हाट के समीप ऑटो पलने से घायल हुए बांका के रजौन थाना क्षेत्र के घुटिया गांव निवासी मुकुंद यादव की मृत्यु इलाज के क्रम में जेएलएनएमसीएच मायागंज में हो गयी है. बरारी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. मृतक की पत्नी इंदू देवी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उसके पति गोड्डा से घर लौट रहे थे. इसी क्रम में ऑटो पलट गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मृत्यु हो गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >