जगदीशपुर बाईपास थाना बिबिया टोला, बैजानी के समीप एक बगीचे में मंगलवार को एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग युवक की पहचान नहीं कर सके, जिससे मामला पेचीदा हो गया है. पहचान नहीं होने से हत्या और आत्महत्या दोनों ही आशंकाओं को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं. सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. बाईपास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाकर घटना की जांच करायी. जांच में फोरेंसिक टीम ने जरूरी सैंपल एकत्र किये. बाईपास पुलिस के अनुसार शव की स्थिति को देख अभी कुछ भी अनुमान लगाना मुश्किल है. हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है. बाईपास थानाध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पायेगा. शव शिनाख्त का प्रयास जारी है और मामले की हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है.
Bhagalpur news बगीचे में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
जगदीशपुर बाईपास थाना बिबिया टोला, बैजानी के समीप एक बगीचे में मंगलवार को एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला.
