अजगैवीनाथ मंदिर घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान हादसा हो गया. गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गयी. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और साथ आये दोस्तों में चीख-पुकार शुरू हो गयी. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच जिला अंतर्गत पगड़ी गांव के सच्चिदानंद पांडेय (30) के रूप में हुई है. वह भागलपुर में रह कर पॉपकॉर्न बेचता था. सच्चिदानंद अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने सुलतानगंज आया था. उसके साथी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि पॉपकॉर्न मशीन खराब होने के कारण वह लोग काम बंद कर गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे. स्नान से पहले मोबाइल डिस्चार्ज होने पर उसे एक दुकान में चार्ज पर लगाया और फिर सभी दोस्त गंगा में उतर गये. इस दौरान सच्चिदानंद को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा और वह अचानक गहरे पानी में चला गया. दोस्तों ने शोर मचा कर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह डूब गया. घाट पर मौजूद लोगों ने बचाव की कोशिश की, पर सफलता नहीं मिल सकी. घटना की सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय मछुआरे शंकर महलदार की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है. सच्चिदानंद शादीशुदा था और अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, गर्भवती पत्नी, दो बेटियां तथा एक बेटा छोड़ गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Bhagalpur news अजगैवीनाथ घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत
अजगैवीनाथ मंदिर घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान हादसा हो गया. गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गयी.
