Bhagalpur news यज्ञ पूर्णाहुति के अगले ही दिन ननोखर में बदमाशों का तांडव

श्रीश्री 1008 महाविष्णु यज्ञ की पूर्णाहुति के दूसरे ही दिन मंगलवार की रात अज्ञात बदमाशों ने उत्पात मचाते हुए एक नवनिर्मित दुकान को निशाना बनाया.

सन्हौला थाना क्षेत्र के ननोखर गांव में आयोजित नौ दिवसीय श्रीश्री 1008 महाविष्णु यज्ञ की पूर्णाहुति के दूसरे ही दिन मंगलवार की रात अज्ञात बदमाशों ने उत्पात मचाते हुए एक नवनिर्मित दुकान को निशाना बनाया. दुकान में घुस कर हजारों रुपये मूल्य के फर्नीचर को तहस-नहस कर दिया गया तथा बिजली मीटर व तार क्षतिग्रस्त कर दिये गये. घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है. पीड़ित अंबिका शर्मा ने सन्हौला थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में बताया कि बदमाशों ने दुकान की खिड़की के पास लगी ईंट निकाल कर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे ईंट व लकड़ी से बनी तीन कुर्सी, एक टेबल, तीन टूल, एक खटिया समेत अन्य सामान को तोड़ डाला. बिजली मीटर को भी क्षतिग्रस्त कर तारों को उखाड़ दिया. पीड़ित ने बताया कि उनके पिता फर्नीचर बनाने का काम करते हैं. महाविष्णु यज्ञ में बिक्री के उद्देश्य से नये घर में अस्थायी रूप से फर्नीचर की दुकान सजायी गयी थी, लेकिन रातोंरात बदमाशों ने करीब 10 हजार रुपये मूल्य के सामान को नुकसान पहुंचा दिया. कुछ दिन पूर्व उनके पुराने घर पर भी असामाजिक तत्वों ने उत्पात मचाया था. लगातार दूसरी बार इस प्रकार की घटना से परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार दुकान से सटे जलाशय में मंगलवार रात कुछ लोग मछली मारने पहुंचे थे.आशंका जतायी जा रही है कि उन्हीं में शामिल किसी शरारती तत्व ने इस घटना को अंजाम दिया है. सन्हौला थानाध्यक्ष रुपेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की छानबीन की जा रही है तथा दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जायेगी. इधर गांव के प्रखंड जदयू अध्यक्ष सह मुखिया पति विजय मंडल ने कहा कि गांव से बाहर निकलने वाले रास्ते पर रात के समय कुछ शराबी व असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है. इसकी सूचना पूर्व में भी पुलिस को दी गयी थी. ऐसे तत्वों पर सख्ती नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >