मौसम विभाग का अनुमान हुआ फेल, बारिश के आसार के बीच उमस भरी गर्मी से लोग परेशान

भागलपुर में बारिश का इंतज़ार जारी है. मौसम विभाग के अनुमान के बावजूद तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं. गंगा का जलस्तर कम होने से किसानों को कुछ राहत मिली है.

भागलपुर : भागलपुर में बारिश के पूर्वानुमान के बीच मौसम का मिजाज कुछ अलग नजर आ रहा है. बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम विभाग और भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 12 से 16 सितंबर के बीच बारिश का अनुमान जताया गया था. लेकिन 12 सितंबर से अब तक जिले में बारिश नहीं होने से लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.

दिन में धूप निकलने के कारण गर्मी और उमस बढ़ गयी है. वहीं बारिश की उम्मीद लगाए लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिल रही है. आसमान में बादल नहीं रहने के कारण भी बारिश की संभावना कम नजर आ रही है.

बारिश नहीं होने से गंगा का जलस्तर घटा

लगातार बारिश नहीं होने का असर गंगा के जलस्तर पर भी देखने को मिल रहा है. पिछले कुछ दिनों से गंगा के जलस्तर में कमी आने से बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को राहत मिली है.

गंगा का पानी घटने के साथ कई इलाकों के खेतों से भी बाढ़ का पानी निकलने लगा है. इससे धान की खेती करने वाले किसानों को राहत मिली है. जिले के कई प्रखंडों में गंगा के बाढ़ के पानी के कारण धान की फसल प्रभावित हुई थी.

फसल डूबने के बाद पानी निकलने से किसानों को राहत

बाढ़ के दौरान खेतों में पानी भर जाने से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गयी थी. अब गंगा का जलस्तर घटने के साथ खेतों से पानी निकलने लगा है. इससे किसानों को उम्मीद है कि बची हुई फसल को नुकसान से बचाया जा सकेगा.

हालांकि, बारिश नहीं होने से जहां बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत मिली है, वहीं उमस और गर्मी से आम लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. आने वाले दिनों में मौसम का रुख कैसा रहता है, इस पर किसानों और आम लोगों की नजर बनी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >