Bhagalpur Student Portal: भागलपुर के कॉलेज में पढ़ाई नियमित नहीं हो रही है, शिक्षक समय पर नहीं आते, परीक्षा या रिजल्ट में देरी है, हॉस्टल में कोई परेशानी है या फिर बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी शिकायत है. अब विद्यार्थियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. बिहार सरकार के विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से छात्र अपनी समस्या और सुझाव सीधे दर्ज करा सकेंगे.
भागलपुर के मारवाड़ी कॉलेज में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की लॉन्चिंग के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और सिटी एसपी अतुलेश झा शामिल हुए. कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पोर्टल के इस्तेमाल और इसके उद्देश्य की जानकारी दी.
डीएम बोलीं- समय और ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता के लिए समय और ऊर्जा को लक्ष्य प्राप्ति में लगाना जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों को गलत दिशा में जाने से बचने और खुद के साथ समाज के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने की सलाह दी.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के प्रभाव से बचते हुए खुद में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी चाहिए. अपने अतीत को समझने के साथ समाज के प्रति अपने योगदान को भी पहचानना जरूरी है.
डीएम ने विद्यार्थियों से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिकायत और सुझाव दर्ज कराने के लिए उपलब्ध इस व्यवस्था का उपयोग सकारात्मक उद्देश्य से किया जाना चाहिए.
एसएसपी ने बताया, शिक्षा के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान हासिल करने का माध्यम नहीं है. शिक्षा व्यक्ति में विनम्रता, विवेक और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती है.
उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. विद्यार्थी सहयोग पोर्टल भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से सामने रखना चाहिए, ताकि उनका समाधान किया जा सके.
सिटी एसपी अतुलेश झा ने विद्यार्थियों को पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं और इसके उपयोग की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने छात्रों से पोर्टल का अधिकतम और उचित इस्तेमाल करने को कहा.
कॉलेज की समस्या सीधे पहुंच सकेगी अधिकारियों तक
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक, प्रशासनिक और संस्थागत समस्याओं को एक निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना है. इससे छात्रों को अपनी शिकायत रखने के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने की परेशानी कम हो सकती है.
मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया.
कार्यक्रम में डॉ. आशीष कुमार मिश्रा, डॉ. सुवेंदु, डॉ. संजय कुमार जायसवाल, डॉ. अनादि प्रसाद, डॉ. अदिति प्रिया, डॉ. संगीत कुमार, डॉ. सुपेंद्र यादव, डॉ. रविशंकर प्रसाद, डॉ. विजय कुमार, डॉ. जूही सिंह, डॉ. प्रमिला कुमारी, डॉ. स्वास्तिका दास और डॉ. कुमार मनोज समेत अन्य मौजूद रहे.
टीएनबी कॉलेज में भी छात्रों को दी गयी जानकारी
टीएनबी कॉलेज में भी विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. प्राचार्य प्रो. दीपो महतो ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को लगातार नयी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. विद्यार्थियों को इन सुविधाओं का इस्तेमाल अपने और राष्ट्र के विकास में करना चाहिए.
नोडल अधिकारी डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने छात्रों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी. वरीय कोषागार पदाधिकारी नवल किशोर यादव ने भी पोर्टल के लाभ के बारे में बताया.
कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. सुबोध मंडल, डॉ. देवाशीष कुमार, डॉ. श्वेता पाठक, दीपक कुमार सिंह, पीयूष कुमार झा और पवन कुमार समेत अन्य मौजूद रहे.
Bhagalpur Student Portal: बीएन और एसएम कॉलेज में भी हुआ कार्यक्रम
बीएन कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अनिरुद्ध कुमार ने की. यहां अपर वरीय उपसमाहर्ता सुधीर कुमार और ललमटिया थानेदार बिपिन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. विद्यार्थियों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया और शिकायत दर्ज कराने के तरीके की जानकारी दी गयी.
एसएम कॉलेज में कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य प्रो. निशा झा और टीएमबीयू के प्रॉक्टर प्रो. मुकेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया. प्राचार्य ने कहा कि शिविर के माध्यम से छात्राएं अपनी समस्याएं सामने रख सकती हैं और उनका त्वरित निपटारा कराने का प्रयास किया जायेगा.
