जवारीपुर में किराये के कमरे में घुसकर महिला समेत दो लोगों की पिटाई, हसुवा, बेलन व तवा से हमला करने का आरोप
Bhagalpur News : भागलपुर के जवारीपुर में किराए के कमरे में घुसकर महिला समेत दो लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि हमलावरों ने हसुवा, बेलन और तवा जैसे घरेलू सामान से हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट : भागलपुर के जवारीपुर इलाके में सोमवार अहले सुबह जमकर मारपीट की घटना हुई. तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित एक किराए के कमरे में घुसकर कुछ लोगों ने महिला और युवक की पिटाई कर दी. घटना में बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र निवासी 33 वर्षीय चांदनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं, जिनका इलाज Jawaharlal Nehru Medical College and Hospital मायागंज अस्पताल में चल रहा है.
लुधियाना से भागलपुर आयी थी महिला
घायल चांदनी देवी ने बताया कि वह अपने पति मुन्ना कुमार के साथ लुधियाना में रहती हैं. शनिवार को वह भागलपुर आयी थीं. उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें अपने ससुराल या मायके नहीं जाना था, इसलिए शनिवार की रात रेलवे स्टेशन पर ही रुकी थीं.
परिचित युवक ने दिलाया था किराये का कमरा
चांदनी देवी के अनुसार रविवार को उन्होंने अपनी दीदी के देवर संदीप कुमार को फोन कर भागलपुर में किराए का कमरा दिलाने को कहा. इसके बाद संदीप कुमार ने जवारीपुर इलाके में उन्हें एक किराए का कमरा दिलवाया, जहां वह रविवार से रह रही थीं.
सुबह-सुबह कमरे में घुसकर हमला
चांदनी देवी और संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि सोमवार अहले सुबह संदीप कुमार की पत्नी, साला और अन्य परिजन कमरे में पहुंच गए. इसके बाद सभी ने मिलकर हसुवा, बेलन, तवा और अन्य घरेलू सामान से दोनों की पिटाई शुरू कर दी.
महिला गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
मारपीट में चांदनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. उनका कहना है कि यदि आसपास के लोग बीच-बचाव नहीं करते तो आरोपित उनकी हत्या कर देते. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं संदीप कुमार को भी आंशिक चोटें आयी हैं.
कई लोगों पर लगाया गया मारपीट का आरोप
घटना में अमन कुमार, मनीष कुमार, फूदला, पिंकी देवी, मुन्नी देवी और बंदना देवी पर मारपीट का आरोप लगाया गया है. संदीप कुमार ने कहा कि शक के आधार पर यह हमला किया गया, जबकि उनका रिश्ता पूरी तरह पवित्र है.
पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी
दोनों घायलों ने कहा कि वे मामले में कानून का सहारा लेंगे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.