bhagalpur news. एसडीएम कार्यालय में विजिलेंस का छापा, 70 हजार घूस लेते दो लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार

भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्योरो की नौ सदस्यीय टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को सदर एसडीएम कार्यालय में छापेमारी कर दो कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्योरो की नौ सदस्यीय टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को सदर एसडीएम कार्यालय में छापेमारी कर दो कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों में निम्न वर्गीय लिपिक मयंक कुमार और स्टेनोग्राफर प्रेम कुमार शामिल हैं. दोनों के पास से टीम ने घूस में ली गयी 70 हजार रुपये नकद भी बरामद किया है. जानकारी मिली है कि सेवा संपुष्टि प्रक्रिया में अनुशंसा करवाने के लिए दोनों कर्मियों ने नाथनगर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिजीत कुमार से घूस ली थी. गिरफ्तार किये गये दोनों आरोपितों को लेकर निगरानी विभाग की नौ सदस्यीय टीम पटना के लिए रवाना हो गयी थी. टीम का नेतृत्व निगरानी विभाग के डीएसपी विंध्याचल प्रसाद कर रहे थे. विंध्याचल प्रसाद ने मीडिया कर्मियों को बताया कि नाथनगर आपूर्ति विभाग के अभिजीत कुमार लंबे समय से अपनी सेवा संपुष्टि के लिए परेशान थे. उनसे दोनों कर्मियों ने कहा था कि एक माह की सैलरी 70 हजार लगेगा, फिर सेवा संपुष्टि का सारा कार्य हो जायेगा. अभिजीत कुमार ने निगरानी विभाग में विधिवत शिकायत की. इसके बाद एफआइआर दर्ज किया गया. फिर जब निगरानी विभाग ने मामले की जांच की तो घूस मांगने का मामला सत्य निकला. इसके बाद विभागीय स्तर से जाल बिछा कर दोनों कर्मियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. जानकारी मिली है कि सूचक पक्ष के व्यक्तियों के साथ कंधे पर गमछा डाले निगरानी टीम के सदस्य भी घूस देने गये थे. एक कर्मी मयंक ने हाथ में नकदी ली, उसी समय स्टोनो प्रेम कुमार ने आदेशात्मक लहजे में सूचक पक्ष के लोगों से कहा कि मेरे हिस्से के 50 हजार रुपये भी दो दो. जैसे ही मयंक ने हाथ में नकदी ली और पॉकेट में रखा, उसी समय निगरानी विभाग की पूरी टीम ने चारों तरफ से दोनों कर्मियों को घेर लिया. फिर टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी ने दोनों को गिरफ्तार करने का आदेश अपनी टीम के सदस्यों को दिया. इस दौरान दोनों कर्मियों की घिग्घी बंध गयी. दोनों अनुनय विनय भी करना चाह रहे थे लेकिन दोनों की एक न सुनी गयी. फिर दोनों कर्मियों को बाहर लाया गया. निगरानी की इस कार्रवाई की खबर पूरे कैंपस में आग की तरह फैल गयी, विभिन्न कार्यालयों में हड़कंप मच गया. नाथनगर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की शिकायत पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने छापेमारी कर दोनों कर्मियों को 70 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों कर्मियों को लेकर विभाग की टीम पटना के लिए रवाना होगी. आगे की कार्रवाई की जायेगी. विंध्याचल प्रसाद, डीएसपी, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >