Bhagalpur News: भागलपुर में नशे के काले कारोबार और जहर बेचने वाले माफियाओं के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे 'स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर' विशेष महाअभियान के तहत बरारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने बड़ी खंजरपुर इलाके में छापेमारी कर 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. बरामद ब्राउन शुगर को तस्करों ने बिक्री के लिए छोटी-छोटी 55 पुड़ियों में पैक कर रखा था. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद से इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर पुलिस टीम की घेराबंदी, भाग रहे रामविचार को खदेड़कर दबोचा
बरारी पुलिस को 21 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी खंजरपुर निवासी रामविचार यादव अपने घर पर मादक पदार्थ एकत्र कर उसकी चोरी-छिपे खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया. जब गठित टीम सशस्त्र बलों के साथ रामविचार के ठिकाने पर पहुंची, तो पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति बदहवास होकर भागने लगा. पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा कर उसे दबोच लिया. पूछताछ में उसकी पहचान रामविचार यादव के रूप में हुई. जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 18 पुड़ियों में बंद 3.65 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
रामविचार की निशानदेही पर कैलाश के घर रेड, 37 पुड़िया में मिला 10 ग्राम नशा
गिरफ्तार रामविचार यादव से जब पुलिस ने पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर बरारी थाना पुलिस ने बनिया टोली लेन स्थित कैलाश यादव के घर पर छापेमारी की. पुलिस ने कैलाश यादव के घर से 37 पुड़ियों में रखी 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, जिसके बाद कैलाश यादव को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने दोनों तस्करों के पास से कुल 13.65 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है.
Bhagalpur News: प्राथमिकी दर्ज कर सप्लायरों की तलाश में जुटी पुलिस
बरारी पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर बरामद ब्राउन शुगर को जब्त करते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस दोनों तस्करों से कड़ाई से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी. इस सफल छापेमारी दल में बरारी थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अशलेखा कुमारी, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक गुड्डु चौधरी समेत अन्य पुलिसकर्मी मुस्तैदी से शामिल रहे.