TMBU M.Ed Entrance Exam Marwari College: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) द्वारा संचालित एमएड (M.Ed) पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए रविवार को मारवाड़ी कॉलेज केंद्र पर प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बीच आयोजित इस परीक्षा के दौरान नकल का एक मामला सामने आया. परीक्षा हॉल में चिट निकाल कर चोरी कर रहे एक परीक्षार्थी को वीक्षकों ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद केंद्राधीक्षक ने उसे तत्काल प्रभाव से परीक्षा से निष्कासित कर दिया. निष्कासन के बाद कानूनी कार्रवाई और पुलिस केस के डर से उक्त परीक्षार्थी मौका पाकर सेंटर से फरार हो गया.
552 में से 507 परीक्षार्थी रहे उपस्थित, 11 कमरों में CCTV की निगरानी में हुई परीक्षा
एमएड के दो अलग-अलग सत्रों (सत्र 2025-27 एवं सत्र 2026-28) में नामांकन के लिए मारवाड़ी कॉलेज को एकमात्र परीक्षा केंद्र बनाया गया था. इस प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 552 अभ्यर्थियों का सेंटर तय किया गया था, जिनमें से 507 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 44 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे और 1 परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में निष्कासित किया गया. मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक प्रो. संजय कुमार झा ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कॉलेज के 11 कमरों में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए थे और सभी हॉल में सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही थी. इस प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थी घंटाघर स्थित 'टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज' में संचालित एमएड कोर्स में दाखिला ले सकेंगे.
सुबह 10:45 बजे तक ही मिला प्रवेश, गोपनीयता बनाए रखने के लिए इग्नू असाइनमेंट का बदला समय
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए मारवाड़ी कॉलेज सेंटर पर सुबह 10:45 बजे तक ही परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद केंद्र पर पहुंचे देर से आए अभ्यर्थियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई. प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा ने बताया कि कॉलेज के पुराने एवं नए भवनों में दोनों सत्रों (2025-27 और 2026-28) की परीक्षा अलग-अलग आयोजित की गई थी. वहीं, रविवार होने के कारण इग्नू (IGNOU) के विद्यार्थियों को भी असाइनमेंट जमा करने के लिए कॉलेज बुलाया गया था, लेकिन एमएड प्रवेश परीक्षा की गोपनीयता और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इग्नू के असाइनमेंट जमा करने का कार्य दोपहर 2:00 बजे के बाद शुरू किया गया.
TMBU M.Ed Entrance Exam Marwari College: विवि के उड़नदस्ते और पर्यवेक्षकों ने लिया जायजा, बीएड पाठ्यक्रम से पूछे गए अधिकांश प्रश्न
एमएड प्रवेश परीक्षा की महत्ता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा केंद्र पर तीन वरिष्ठ पर्यवेक्षकों—प्रो. कमल प्रसाद, प्रो. के.के. मंडल और प्रो. ए.एन. सहाय की तैनाती की गई थी, जो पूरी परीक्षा के दौरान सेंटर पर डटे रहे. इसके अलावा टीएमबीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा और डीएसडब्ल्यू (DSW) प्रो. अर्चना साह ने भी मारवाड़ी कॉलेज पहुंचकर विभिन्न परीक्षा हॉलों का औचक निरीक्षण किया. परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों संतोष कुमार, सौरभ कुमार और नितिन कुमार ने बताया कि प्रश्न पत्र का स्तर मध्यम था. परीक्षा में बीएड (B.Ed) पाठ्यक्रम से जुड़े सर्वाधिक प्रश्न पूछे गए थे, जबकि सामान्य ज्ञान (General Knowledge) और शिक्षण अभिरुचि से संबंधित सवाल भी शामिल थे.
Also Read: अनंत-नीरज की पुरानी सियासी जंग फिर चर्चा में, जानें 10 साल पुरानी सियासी दुश्मनी की पूरी कहानी
