नवगछिया प्रखंड के खैरपुर कदवा में सेफ्टी टैंक की सेटरिंग खोलने के दौरान दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान खैरपुर कदवा के राजमिस्त्री अच्छेलाल मंडल का पुत्र बमबम मंडल, पूरण मंडल का पुत्र जयनंदन मंडल दोनों चचेरा भाई, तीसरा लक्ष्मीनिया के स्व कल्लर मंडल का पुत्र श्रीलाल मंडल मंडल के रूप में की गयी है. गांव के ही ज्वाला यादव का पुत्र मिथुन यादव भवन निर्माण करवा रहे थे. निर्माण कार्य एक महीने से चल रहा था. शौचालय के सैफ्टी टैंक 21 दिन पहले बनवाया था. सेफ्टी टैंक का सेटरिंग खोला जा रहा था. इस दौरान तीनों व्यक्ति टैंक के अंदर प्रवेश किये. टैंक के भीतर जहरीली गैस का रिसाव हो गया या ऑक्सीजन की कमी हो गयी, जिससे एक-एक कर तीनों मजदूर बेहोश हो गये.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को टैंक से बाहर निकाला. तब तक उनकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लाया गया. चिकित्सक ने जांच करने के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने व मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
सेफ्टी टैंक बना मौत का कुआं, एक साथ तीन परिवार उजड़ गये
खैरपुर कदवा में सैफ्टी टैंक की सेंटरिंग खोलने के दौरान हुए हादसे में एक साथ तीन परिवार उजड़ गये. यह एक दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही और जानकारी के अभाव में तीन परिवारों के उजड़ने की कहानी है. ज्वाला यादव अपने सपनों का घर बनाने के लिए ढाई कट्टा जमीन बेच कर निर्माण कार्य करा रहे थे. एक महीने से निर्माण कार्य चल रहा था. 31 मार्च को बाथरूम के लिए सैफ्टी टैंक की ढलाई की गयी थी. बुधवार की सुबह सेंटरिंग खोलने का काम शुरू हुआ, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह काम जानलेवा साबित होगा.सबसे पहले मजदूर जयनंदन मंडल टैंक के अंदर उतरे. जहरीली गैस से वह तुरंत बेहोश हो गये. उन्हें बचाने श्रीलाल मंडल अंदर गये, लेकिन वह भी बेहोश हो गये. इसके बाद मिस्त्री बमबम मंडल खुद नीचे उतरे और वह भी उसी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गये. घटना के बाद कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था. ऐसे में साहस दिखाते हुए गांव के गुलशन मंडल और कन्हैया मंडल रस्सी बांध कर अंदर उतरे और एक-एक कर तीनों को बाहर निकाला. इस दौरान कन्हैया मंडल की हालत बिगड़ गयी, हालांकि समय पर प्राथमिक उपचार मिलने से उनकी जान बच गयी.
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है. पंचायत स्तर पर भी अंतिम संस्कार के लिए सहायता राशि देने की बात कही गयी है. सवाल अब भी बाकी है- क्या इन जिंदगियों की कीमत सिर्फ मुआवजा है, या फिर ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जायेंगे ?मृतक के परिजनों को दिया जायेगा मुआवजा
नवगछिया भूमि सुधार उपसमाहर्ता सह प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को आपदा विभाग, श्रम विभाग व कल्याण विभाग से मिलने वाला मुआवजा दिलवाया जायेगा. पंचायत के मुखिया पंकज जायसवाल ने बताया कि मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत राशि उपलब्ध करवायी जायेगी.
