bhagalpur news. मातम में बदला मुंडन कार्यक्रम, एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूबने से मौत

रंगरा प्रखंड के झल्लुदास टोला स्थित विषहरी गंगा घाट पर शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई

रंगरा प्रखंड के झल्लुदास टोला स्थित विषहरी गंगा घाट पर शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान मधेपुरा जिला के भटगामा निवासी कुमोद यादव के पुत्र गौरव कुमार(10), पुत्री साक्षी कुमारी(15) व धुरिंद्र यादव की पुत्री मोनी कुमारी (16) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार कुमोद यादव अपने परिवार के साथ बेटे गौरव कुमार के मुंडन संस्कार के लिए गंगा घाट पहुंचे थे. मुंडन कार्यक्रम के बाद परिवार के सदस्य गंगा स्नान कर रहे थे. साक्षी व गौरव एक साथ गंगा नदी में स्नान कर रहे थे. अचानक दोनों अधिक गहरे पानी में चले गए. बचाने के लिए फुआ मोनी कुमारी गई तो वह भी तेज बहाव में बह गई.

घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. मुंडन जैसे खुशहाल मौके का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया. स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल तीनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया और खोजबीन शुरू की गई.

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार और अंचलाधिकारी आशीष कुमार मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने गौरव कुमार और साक्षी कुमारी सहित तीनों का शव बरामद कर लिया. पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया है. जिला पदाधिकारी के आदेश पर तीनों शव का पोस्टमार्टम रात्रि में ही अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में करवाया गया.

इस दुखद घटना से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >