-एसोसिशन ऑफ साइटोलॉजी एंड हिस्टोलॉजी के तत्वावधान में दो दिवसीय नेशनल पैथोलॉजिस्ट कांफ्रेंस का आयोजन
एसोसिएशन ऑफ साइटोलॉजी एंड हिस्टोलॉजी के तत्वावधान में जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, नौलखा कोठी परिसर के सभागार में दो दिवसीय नेशनल पैथोलॉजिस्ट कांफ्रेंस का शुभारंभ राष्ट्रीय कार्यशाला सह सीएमई के साथ हुआ. कांफ्रेंस में देश के नामचीन कॉलेज व युनिवर्सिटी से विशेषज्ञ पैथोलॉजिस्ट व शिक्षकों ने शिरकत की. पहले दिन देश के 100 पैथोलॉजिस्ट शामिल हुए. पेपर एवं पोस्टर के जरिये प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया. इसमें बताया कि इस दौर में कैंसर का प्रकोप हर उम्र के लोगों में बढ़ता जा रहा है. इसे ध्यान में रखते हुए हर रोज नये रिसर्च हो रहे हैं. सॉफ्ट टिश्यू कैंसर का रिसर्च कर स्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट आती है. सॉफ्ट टिश्यू कैंसर के सभी मॉरफॉलॉजिक वेराइटी पर विस्तार से चर्चा हुई.
इससे पहले कांफ्रेंस का उद्घाटन सूरत से डॉ मनोज कहर, महाराष्ट्र से डॉ रूपेश गुण्डवार, मद्रास मेडिकल कॉलेज से निदेशक डॉ के स्वामीनाथन, कोलकाता से डॉ असिताभा मोंडल एवं जेएलएनएमसीएच पैथोलाॅजी विभाग के एचओडी डाॅ सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया. इसी क्रम में कार्यशाला में डॉ असिताभा मोंडल, डॉ स्वामीनाथन, डॉ रूपेश गुण्डवार व डॉ मनोज कहार ने स्लाइड को स्क्रीन पर प्रसारित कर विस्तार से डेमोस्ट्रेट किया. आयोजन का संचालन डॉ प्रीति एव डॉ कुमार सुनीत ने किया. इसमें प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेज समेत रिम्स रांची से स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.चेन्नई से मद्रास मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ के स्वामीनाथन ने कहा कि 30 साल से अधिक समय तक शिक्षक के रूप में कार्य किया. कठिन से कठिन स्लाइड को जमा कर रखा एवं उसे आज कार्यशाला में प्रदर्शित करके अपने अनुभवों से अवगत करा रहे हैं. डॉ असिताभा मोंडल ने बच्चों में होने वाले सॉफ्ट टिश्यू कैंसर के ईविंग सारकोमा पर चर्चा करते हुए कहा कि कुछ कैंसर नए पैथोलॉजिस्ट के लिए विविधता के कारण डायग्नोसिस में संशय बना रहता है, इस विषय पर डॉ रूपेश गुण्डवार ने स्लाइड शो द्वारा प्रायोगिक जानकारी दी. डॉ मनोज कहार ने गुजरात व राजस्थान में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण होने वाले सॉफ्ट टिश्यू कैंसर पर प्रकाश डाला.ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ मुकेश प्रसाद साह ने धन्यवाद ज्ञापन किया. प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले पैथोलॉजिस्ट में आईजीएमएस के पैथोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ बिपिन कुमार, पूर्णिया से डॉ एके सिन्हा भी शामिल हुए. आयोजन में साइंटिफिक चेयरमैन डॉ कुमार सुनीत, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ मुकेश प्रसाद साह, स्वागत समिति अध्यक्ष डॉ प्रीति सिंह, डॉ कुमारी रश्मि एवं डॉ सुप्रिया का योगदान रहा.