भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
भागलपुर : उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. जिले में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गयी हैं और आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज हो सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को तापमान में गिरावट दर्ज होने के साथ मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है.बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में प्री-मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है. अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी रहेगी. उन्होंने कहा कि यदि मौसम की वर्तमान स्थिति बनी रहती है तो 15 जून तक बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रवेश हो सकता है.डॉ. कुमार के अनुसार मानसून के प्रवेश के बाद राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं. इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं कृषि गतिविधियों को भी गति मिलेगी.बारिश से आम की फसल पर बढ़ा असर
हाल के दिनों में आयी आंधी और बारिश से आम उत्पादक किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है. अब प्री-मानसून की बारिश और आगामी मानसूनी वर्षा के कारण आम के तेजी से पकने की स्थिति बन रही है.किसानों का कहना है कि बारिश के बाद निकलने वाली तेज धूप से आम तेजी से पकने लगता है. इसी वजह से कई बागानों में मालदह किस्म के आम की तुड़ाई समय से पहले शुरू कर दी गयी है. किसानों को आशंका है कि लगातार मौसम बदलने से फलों की गुणवत्ता और भंडारण अवधि प्रभावित हो सकती है.
