bhagalpur news. सुलतानगंज में रमजान की पाकीजगी, इबादत से रौशन हुआ माहौल

पवित्र माह रमजान की शुरुआत के साथ ही सुलतानगंज शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में इबादत का सिलसिला तेज हो गया है

शुभंकर, सुलतानगंज पवित्र माह रमजान की शुरुआत के साथ ही सुलतानगंज शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में इबादत का सिलसिला तेज हो गया है. मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखकर पांच वक्त की नमाज, तरावीह और कुरआन की तिलावत में मशगूल हैं. मस्जिदों में सुबह से रात तक रूहानी माहौल बना हुआ है.

पहले जुम्मे पर दिखी खास रौनक

माहे रमजान के पहले जुम्मे पर शुक्रवार को मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे. रोजेदारों ने अमन, चैन, भाईचारे और समाज की खुशहाली के लिए दुआ मांगी. सुन्नी वक्फ बोर्ड के सदस्य मो अफरोज आलम ने बताया कि घोरघट से महेशी तक करीब 17 मस्जिदों में मुस्लिम भाई नियमित रूप से नमाज, तरावीह और इबादत में मशगूल हैं. रमजान में अल्लाह तआला रोजेदारों के लिए रहमत का खास दरवाजा खोलते हैं.

रोजा देता है संयम और अनुशासन की सीख

नमाजियों ने बताया कि रमजान केवल रोजा रखने का महीना नहीं, बल्कि आत्मसंयम, अनुशासन और नेक रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है. रोजा इंसान को अल्लाह के और करीब ले जाता है तथा बुराइयों से दूर रहने की सीख देता है. रोजेदारों का कहना है कि तरावीह की नमाज और नियमित इबादत से मन को सुकून और आत्मिक शांति मिलती है. रमजान में की गई इबादत को अल्लाह तआला विशेष रूप से कबूल फरमाते हैं.

गरीब और जरूरतमंदों की मदद पर जोर

रमजान के दौरान गरीब, बेसहारा और जरूरतमंदों की मदद करने की भावना भी देखने को मिल रही है. मुस्लिम समुदाय के लोग इसे रहमत और बरकत का महीना मानते हैं और ज्यादा से ज्यादा नेक काम करने की कोशिश कर रहे हैं.

बाजारों में रमजान की रौनक

रमजान के चलते सुलतानगंज के बाजारों में इफ्तार से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी बढ़ गई है. शाम होते ही बाजारों में खास चहल-पहल नजर आ रही है. पवित्र माह रमजान में सुलतानगंज पूरी तरह इबादत, संयम और भाईचारे के रंग में रंगा हुआ है. रोजा, नमाज और दुआओं के साथ मुस्लिम समुदाय अल्लाह की रहमत और बरकत पाने में जुटा है.

सुलतानगंज में रमजान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

सुलतानगंज. पवित्र माह रमजान को लेकर सुलतानगंज शहर एवं आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे. मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे नमाजियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मस्जिद कमेटियों द्वारा विशेष प्रबंध किए गए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई. वहीं रमजान और जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. सुलतानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दलबल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की. इस दौरान उन्होंने मस्जिद पहुंचकर नमाजियों को रमजान की मुबारकबाद भी दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >