bhagalpur news. बच्चे ने कहा- मेरा अपहरण हुआ था, पुलिस बोली- स्कूल से भाग कर एकचारी पहुंचे थे बच्चे

कहलगांव अनुमंडल क्षेत्र से शुक्रवार को कथित बच्चा अपहरण मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया

कहलगांव अनुमंडल क्षेत्र से शुक्रवार को कथित बच्चा अपहरण मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. वहीं बच्चों के बयान पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार घोघा थाना क्षेत्र के पक्कीसराय गांव के तीन बच्चे (तीनों के उम्र आठ, दस व 12 वर्ष है), जो मध्य विद्यालय आमापुर के छात्र हैं. जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे घर से दो किलोमीटर दूर स्कूल जाने के लिए तीनों बच्चे निकले थे.

परिजनों के अनुसार स्कूल पहुंचने से पहले ही तीनों बच्चे लापता हो गए. स्कूल से सूचना मिलने के बाद परिजन बच्चों की तलाश में जुट गए और पुलिस को भी जानकारी दी गई. लगभग दो बजे के बाद तीनों बच्चे सुरक्षित घर लौट आए, जिसके बाद परिवार और विद्यालय प्रशासन ने राहत की सांस ली.

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बच्चों के पिता ग्रामीणों के साथ रसलपुर थाना क्षेत्र के एकचारी पंचायत स्थित कालेश्वरी पोखर के पास एक घर पहुंचकर हंगामा करने लगे. बच्चों का दावा था कि उन्हें इसी घर में बंद कर रखा गया था. सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. एक बच्चे ने बताया कि स्कूल पहुंचने से पहले काले रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो अज्ञात लोगों ने रास्ता रोककर चॉकलेट और बिस्किट देने का लालच दिया. इसके बाद एक कार आई, जिसमें उन्हें जबरन बैठा लिया गया और रूमाल में कोई पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया. होश आने पर वे एक मकान में पहुंचे, जहां अन्य बच्चे भी मौजूद थे. मौका पाकर तीनों भाई वहां से भागकर घर लौट आए.

बच्चों व परिजनों के बयान में विरोधाभास

वहीं रसलपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों के बताए मकान की जांच की गई. मकान चारों ओर से बंद मिला और उस पर ताला लगा था. मकान मालिक रेलवे में कार्यरत हैं और वर्तमान में हावड़ा में परिवार सहित रहते हैं. स्थानीय लोगों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई, लेकिन किसी तरह का संदिग्ध साक्ष्य नहीं मिला. पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्चों और परिजनों से अलग-अलग पूछताछ में बयानों में विरोधाभास सामने आया है. प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि तीनों बच्चे पढ़ाई के डर से स्कूल नहीं जाकर एकचारी क्षेत्र चले गए थे और बाद में घर लौटकर अपहरण की कहानी बता दी.

रसलपुर थाना पुलिस ने बच्चों और उनके पिता को घोघा थाना में आवेदन देने की सलाह दी है. घोघा थाना पुलिस भी मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और सत्य सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >