जहर खाकर जान देने वाली किशोरी मामले में दो गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालिका निरुद्ध, पुलिस जांच तेज

भागलपुर के उर्दू बाजार में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में रूम पार्टनर के माता-पिता को गिरफ्तार किया है. किशोरी ने मरने से पहले बनाए वीडियो में आरोप लगाए थे.

Bhagalpur News: तातारपुर थाना क्षेत्र के उर्दू बाजार स्थित काली मंदिर के पीछे किराये के मकान में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की मां की शिकायत पर तातारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में रूम पार्टनर के माता-पिता, एक विधि विरुद्ध बालिका तथा मकान मालिक को नामजद किया गया है.

दो गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालिका निरुद्ध

पुलिस ने रूम पार्टनर के पिता लालमोहन मंडल और मां सावित्री देवी को गिरफ्तार किया है. वहीं एक विधि विरुद्ध बालिका को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

मौत से पहले वीडियो में लगाए थे आरोप

पुलिस के अनुसार किशोरी ने जहर खाने के बाद अपने मोबाइल फोन से दो वीडियो रिकॉर्ड किए थे, जिन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया. वीडियो में उसने अपने साथ रहने वाली रूम पार्टनर के पिता, उनकी पत्नी और उनकी पुत्री पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था. उसने दावा किया था कि पिछले लगभग दस दिनों से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था. पुलिस इन वीडियो की भी जांच कर रही है.

आरोपित पक्ष ही अस्पताल लेकर पहुंचा था

घटना के बाद आरोपित पक्ष के लोगों ने ही किशोरी को गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज पहुंचाया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका के परिजनों का आरोप है कि जब वे कमरे पर पहुंचे तो सामान बाहर रखा था और कमरे में ताला लगा हुआ था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

तातारपुर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

परिजन और आरोपित पक्ष ने रखी अपनी-अपनी बात

Bhagalpur News: मृतका के परिजनों ने बताया कि वह 12वीं की छात्रा थी और सोशल मीडिया के माध्यम से अपना करियर बनाना चाहती थी. उनका आरोप है कि उर्दू बाजार में किराये पर रहने आने के बाद से उसे प्रताड़ित किया जा रहा था. वहीं आरोपित पक्ष ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि मामले की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद सामने आयेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >