शाम में वीडियो कॉल पर गर्भवती बेटी ने मां से की बात, रात में मिली उसकी मौत की खबर

Bhagalpur News : भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. मृतका के मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट : भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भतोड़िया गंगा प्रसाद गांव में राहुल कुमार की गर्भवती पत्नी काजल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मायके पक्ष को सौंप दिया गया.

पिता ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप

मृतका के पिता सबौर थाना क्षेत्र के बैजलपुर निवासी पूरन मंडल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति राहुल कुमार, सास उषा देवी, पिंटू मंडल समेत अन्य लोगों ने मिलकर की है. उन्होंने कहा कि काजल के गले और चेहरे पर चोट के निशान थे, जिससे साफ लग रहा था कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है.

शाम को वीडियो कॉल 10 मिनट तक मां बेटी में हुई बात

पूरन मंडल ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे काजल ने अपनी मां रुक्मिणी देवी को वीडियो कॉल किया था. करीब दस मिनट तक दोनों में बातचीत हुई थी और उस दौरान सबकुछ सामान्य लग रहा था. बातचीत के दौरान काजल ने सेब खाने की इच्छा जताई थी. इसके बाद जब परिवार वालों ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा. रात करीब दस बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि काजल ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है.

मौके पर पहुंचने पर पलंग पर मिला शव

सूचना मिलने के बाद मायके वाले रात करीब 12 बजे काजल के ससुराल पहुंचे. वहां पुलिस पहले से मौजूद थी. परिजनों का आरोप है कि काजल का शव कमरे में पलंग पर पड़ा हुआ था, जबकि पंखे की कड़ी से दुपट्टा लटका मिला. उन्होंने बताया कि शव के गले, गाल और गर्दन के पास चोट के निशान थे और बिस्तर भी गीला था. परिवार का कहना है कि घटना के बाद सभी ससुराल वाले फरार हो गए.

दहेज प्रताड़ना का भी लगाया आरोप

मायके पक्ष ने बताया कि काजल की शादी तीन दिसंबर 2022 को राहुल कुमार से हुई थी. शादी के बाद उसे एक पुत्र भी हुआ. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल पर दहेज के लिए दबाव बनाया जाता था. उन्होंने बताया कि 15 से 20 दिन पहले भी काजल के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत मधुसूदनपुर थाना में की गई थी.

पुलिस बोली- मामला संदिग्ध, जांच जारी

मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. कमरे में पंखे की कड़ी से दुपट्टा मिला है, जबकि शव पलंग पर पड़ा था. उन्होंने कहा कि घटना स्थल की जांच एफएसएल टीम से कराई गई है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >