bhagalpur news. स्वच्छता में बड़ा लक्ष्य: ओडीएफ प्लस प्लस की ओर बढ़ा सुलतानगंज

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर सुलतानगंज नगर परिषद ने स्वच्छता के उच्च मानकों को हासिल करने की दिशा में तेज कदम बढ़ा दिए हैं

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर सुलतानगंज नगर परिषद ने स्वच्छता के उच्च मानकों को हासिल करने की दिशा में तेज कदम बढ़ा दिए हैं. विभागीय निर्देश के बाद नगर परिषद अब ओडीएफ प्लस प्लस प्रमाणन के लिए आवेदन की तैयारी में जुट गया है. नप स्वच्छता पदाधिकारी अमित कुमार भगत ने बताया कि नगर परिषद द्वारा सभी आवश्यक मानकों को पूरा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कहा कि पिछले वर्ष सुलतानगंज को ओडीएफ प्लस का दर्जा मिल चुका है और अब लक्ष्य उससे एक कदम आगे बढ़कर ओडीएफ प्लस प्लस हासिल करना है. तीन साल में टैंक सफाई अनिवार्य, नियम सख्त ओडीएफ प्लस प्लस के तहत शहर में सेप्टिक टैंक प्रबंधन को व्यवस्थित करना जरूरी है. इसके लिए सभी शहरवासियों को निर्देश दिया गया है कि वे हर तीन साल में अपने सेप्टिक टैंक की सफाई अनिवार्य रूप से कराएं. साथ ही बिना सेफ्टी किट के और हाथ से सफाई करना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकृत ऑपरेटर के माध्यम से ही टैंक की सफाई कराई जाएगी, ताकि सफाई कर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके. पोर्टल खुलते ही होगा आवेदन, तैयारी अंतिम चरण में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ओडीएफ प्लस प्लस प्रमाणन के लिए जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा. इसको लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग ने चयनित नगर निकायों को समय पर आवेदन करने के निर्देश दिए हैं. नगर परिषद सुलतानगंज को भी अर्हता पूरा के बाद आवेदन का निर्देश विभाग द्वारा दिया गया है. आवेदन के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है. स्वच्छता से स्वास्थ्य और विकास को बढ़ावा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार का मानना है कि ओडीएफ प्लस प्लस प्रमाणन से शहर में स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत होगी. इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि सुलतानगंज को एक स्वच्छ और आदर्श शहर के रूप में स्थापित किया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >