भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट
Suicide Video: भागलपुर के सजौर थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी 30 वर्षीय अमित कुमार सिंह की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना से पहले अमित ने अपनी पत्नी को कुछ वीडियो भेजे थे, जिनमें उसने अपनी मानसिक परेशानी का जिक्र किया और अपने परिवार के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
Suicide Video: घटना से पहले पत्नी को भेजे वीडियो
परिजनों के अनुसार, अमित वर्तमान में अकबरनगर के इंग्लिश गांव में किराये के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था. शनिवार रात उसने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया. इससे पहले उसने अपनी पत्नी मोनिका कुमारी को वीडियो भेजा. पत्नी के मुताबिक, वीडियो देखने के बाद उसने अमित से संपर्क किया और उसे अस्पताल चलने के लिए कहा. बाद में परिजनों को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली और उसे तत्काल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज ले जाया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पत्नी ने पारिवारिक और आर्थिक विवाद का लगाया आरोप
मृतक की पत्नी मोनिका कुमारी का आरोप है कि अमित पुस्तैनी संपत्ति में अपने हिस्से को लेकर लंबे समय से परेशान था. उनका कहना है कि जमीन से जुड़े विवाद और आर्थिक तंगी के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगा था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण उसकी परेशानी बढ़ती चली गई. ये आरोप परिजनों के बयान पर आधारित हैं. पुलिस इन दावों की स्वतंत्र जांच कर रही है.
वीडियो में परिवार के भविष्य की चिंता जताई
पुलिस के अनुसार, मृतक ने अपने अंतिम वीडियो में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई. परिजनों का कहना है कि उसने लोगों से परिवार की आर्थिक मदद करने की अपील भी की थी. गोपनीयता और सुरक्षा कारणों से वीडियो में साझा किए गए व्यक्तिगत संपर्क विवरण यहां प्रकाशित नहीं किए जा रहे हैं.
पोस्टमार्टम और जांच जारी
बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें : पुलिस जांच में चौंकाने वाला दावा: बिल्डर की हत्या के बाद 4 घंटे तक शव के साथ रही आरोपित सीमा
