नवगछिया में आंधी-तूफान ने बरपाया कहर, घंटों ब्लैकआउट, बागानों को भारी नुकसान

Bhagalpur News : नवगछिया में देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी. कहीं पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था ठप हो गई तो कहीं किसानों की मेहनत बर्बाद हो गई. वहीं एक दर्दनाक हादसे में पेड़ गिरने से वृद्ध महिला की मौत हो गई.

नवगछिया, भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट

नवगछिया में देर रात आये तेज आंधी-तूफान और बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन को प्रभावित कर दिया. तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के तार टूटकर गिर गए, जिससे घंटों ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही. वहीं आम और लीची के बागानों को भारी नुकसान पहुंचा है. इस बीच रघुनीटोला गांव में पेड़ गिरने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई.

घंटों बिजली गुल रहने से लोग परेशान

आंधी-तूफान के कारण नवगछिया नगर क्षेत्र समेत अधिकांश गांवों में देर रात तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही. कई इलाकों में बिजली के तार टूटकर गिर गए, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी.बिजली नहीं रहने से पेयजल और मोबाइल चार्जिंग जैसी समस्याएं भी सामने आईं. लोगों ने बताया कि अचानक हुए ब्लैकआउट से काफी परेशानी हुई.

आम और लीची के बागानों को भारी नुकसान

आंधी और तेज हवा का सबसे ज्यादा असर आम और लीची की फसलों पर पड़ा. बिहपुर, खरीक, नवगछिया और गोपालपुर प्रखंड के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा.तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में आम और लीची के फल पेड़ों से टूटकर जमीन पर गिर गए. किसानों का कहना है कि इस बार अच्छी फसल की उम्मीद थी, लेकिन तूफान ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया.

पेड़ गिरने से वृद्ध महिला की मौत

आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा भी सामने आया. इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के रघुनीटोला गांव में आम का विशाल पेड़ गिरने से 70 वर्षीय कुना देवी की मौके पर ही मौत हो गई.बताया गया कि कुना देवी अपने बासा में सोई हुई थीं, तभी तेज आंधी के दौरान पेड़ उनके ऊपर गिर पड़ा. हादसे में एक गाय के बछड़े की भी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतका के पुत्र सुबोध मंडल और विनोद मंडल सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मुआवजे की मांग

परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस और अंचलाधिकारी को दे दी है. वहीं किसानों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को मुआवजा और राहत सहायता देने की मांग की है.

प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का आकलन

प्रशासनिक स्तर पर राहत और क्षति आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रभावित किसानों और पीड़ित परिवारों को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >