bhagalpur news. टीएमबीयू इंडोर स्टेडियम बना उत्तरपुस्तिका रखने का स्टोर

सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए कई योजना पर काम कर रही है. वहीं दूसरी ओर टीएमबीयू खेल में ही खेल कर रहा है

आरफीन, भागलपुर

सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए कई योजना पर काम कर रही है. वहीं दूसरी ओर टीएमबीयू खेल में ही खेल कर रहा है. बता दें कि टीएमबीयू इंडोर स्टेडियम में विवि प्रशासन की ओर से विभिन्न परीक्षा की एक लाख से अधिक उत्तरपुस्तिका स्टेडियम में रखा गया है. स्टेडियम अब खेल के लिए नहीं, बल्कि उत्तरपुस्तिका रखने का स्टोर बन गया है. विवि में हुए स्नातक व पीजी के विभिन्न सत्र की उत्तरपुस्तिका रखी गयी है. स्टेडियम में बने बैडमिंटन कोट के बीचों-बीच उत्तरपुस्तिका रखी गयी है. इतना सब होने के बाद भी विवि प्रशासन मौन है.

78 लाख की लागत से तैयार हुआ था इंडोर स्टेडियम

विवि के एक अधिकारी ने कहा कि रूसा की योजना से करीब 78 लाख की लागत से इंडोर स्टेडियम तैयार किया गया है. यहां बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज आदि इंडोर गेम का आयोजन होना था, लेकिन तीन-चार खेल आयोजन के बाद स्टेडियम का उपयोग नहीं हुआ. बताया जा रहा है कि वर्ष 2019 में विवि के मेजबानी में हुए एकलव्य खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन हुआ था.

बाेलें विवि के अधिकारी

खेल विभाग से नहीं ली गयी अनुमति

विवि के खेल विभाग के सचिव डॉ संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि स्टेडियम में उत्तरपुस्तिका रखने की अनुमति नहीं ली गयी है. इसके बारे में विवि से बताया भी नहीं गया है. उत्तरपुस्तिका रखने से इंडोर स्टेडियम में अब खेल का आयोजन नहीं हो सकेगा. कुछ माह पहले प्रतिदिन पीजी के विद्यार्थी बैडमिंटन खेल के लिए अभ्यास करने आते थे. उन विद्यार्थियों ने बताया कि उत्तरपुस्तिका स्टेडियम के अंदर यहां-वहां बिखरा पड़ा है. लिहाजा अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं.

मेरे कार्यकाल में नहीं रखी गयी उत्तरपुस्तिका – परीक्षा नियंत्रक

विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो विनोद कुमार ओझा ने कहा कि स्टेडियम में उत्तरपुस्तिका उनके कार्यकाल में रखी गयी है. पूर्व परीक्षा नियंत्रक ने वहां उत्तरपुस्तिका रखवायी थी. उत्तरपुस्तिका दूसरे जगह रखवाने की व्यवस्था करायी जायेगी. इस बारे में विवि के वरीय अधिकारियों से बात कर दिशा-निर्देश मांगा जायेगा.

70 लाख से बना है ऑडिटोरियम

विवि के सेंट्रल लाइब्रेरी के समीप स्थित 70 लाख से बने ऑडिटोरियम में भी उत्तरपुस्तिका रखने से बेकार पड़ा है. यहां करीब 10-12 साल से उत्तरपुस्तिका रखी जा रही है. ऐसे में ऑडिटोरियम में करीब 11 साल से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन बंद है. यूजीसी दसवीं योजना के तहत करीब 70 लाख की राशि से ऑडिटोरियम निर्माण कराया गया था. वर्ष 2009 के 16 जुलाई को राज्यपाल डॉ देवानंद कुंवर ने ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया था. उस समय विवि की कुलपति डॉ प्रेमा झा थी. ऑडिटोरियम निर्माण का उद्देश्य था कि यहां केवल कॉलेज व पीजी स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होना था, जो अबतक नहीं हो सका.

मल्टीपर्पस स्टेडियम में फैला कचरा

विवि कैंपस में खेलो इंडिया योजना के तहत करीब चार करोड़ की लागत से मल्टीपर्पस स्टेडियम तैयार किया गया है. सूबे के राज्यपाल ने स्टेडियम का उद्घाटन किया था, लेकिन कुछ दिन के बाद स्टेडियम में साफ-सफाई नहीं होने से कचरा पसरा है. विवि के खेल सचिव डॉ संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि एक सफाई कर्मी था, उसे विवि गेस्ट हाउस में भेज दिया है. ऐसे में साफ-सफाई मल्टीपर्पस इंडोर स्टेडियम में नहीं हो पा रहा है. सफाई कर्मी की व्यवस्था किये जाने को लेकर विवि प्रशासन को कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >