टीएमबीयू के कार्यों के सुचारू संचालन व परिसर में विधि-व्यवस्था कायम करने के लिए विवि प्रशासन ने समन्वय समिति गठित की है. इसको लेकर गुरुवार को वीसी आवासीय कार्यालय में समन्वय समिति की बैठक हुई. सर्वसम्मति से छात्रों की समस्या के निराकरण के लिए निर्णय लिये गये. कॉलेजों व पीजी विभागों के छात्रों की समस्या को सात दिनों में निदान करने का फैसला लिया गया है. समिति ने कहा कि परीक्षा, रिजल्ट, नामांकन सहित अन्य मामले को लेकर छात्र-छात्राएं विवि नहीं आयें, बल्कि अपने-अपने कॉलेजों व पीजी विभागों में आवेदन दें. वहां से प्राचार्य व विभागाध्यक्ष छात्रों के आवेदन को विवि भेजें. छात्रों की समस्या का सात दिनों में निराकरण कराये. अगर निराकरण नहीं होता है, तो छात्रों को इसकी जानकारी दें. कमी को बतायें. इस व्यवस्था का पालन कॉलेज व पीजी विभाग नियमित रूप से करे. बैठक में प्रॉक्टर डॉ अर्चना साह, डीएसडब्ल्यू प्रो बिजेंद्र कुमार, बीएन कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो अशोक कुमार ठाकुर, टीएनबी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो एसएन पांडे, एसएम कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ मुकेश कुमार सिंह, मारवाड़ी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो शिव प्रसाद यादव, कॉलेज इंस्पेक्टर प्रो संजय कुमार झा, एमबीए की निदेशक प्रो निर्मला कुमारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ आनंद कुमार झा आदि मौजूद थे. उधर, कुलपति प्रो जवाहर लाल ने कहा कि निदान नहीं करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. छात्रों के प्रतिनिधि से बात करने के लिए कमेटी गठित विवि में लगातार हो रहे हंगामा को देखते हुए एक कमेटी गठित की गयी है. यह कमेटी छात्र प्रतिनिधि से बात करेगी. कमेटी में डीएसडब्ल्यू, रजिस्ट्रार, कॉलेज इंस्पेक्टर व तत्कालीन एफओ प्रो सुरेंद्र सिंह हैं. प्रो अशोक कुमार ठाकुर ने कहा कि विवि प्रशासन के निर्देश पर कमेटी को छात्र प्रतिनिधि से बात कर 48 घंटे के अंदर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है. छात्र सेवा केंद्र के मुख्य सड़क के किनारे वाले गेट को किया जायेगा बंद समन्वय समिति ने निर्णय लिया है कि विवि स्थित छात्र सेवा केंद्र का मुख्य सड़क किनारे वाला गेट बंद किया जायेगा. प्रो अशोक कुमार ठाकुर ने कहा कि नयी व्यवस्था के तहत छात्र सेवा केंद्र जाने के लिए विवि कैंपस के अंदर से ही छात्रों के लिए प्रवेश द्वार बनाया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
