नाथनगर में परिवार के साथ सो रहे 3 वर्षीय मासूम की हत्या, बोरे में मिला शव; सड़क जाम कर लोगों का प्रदर्शन

भागलपुर के नाथनगर में एक 3 साल के मासूम की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है. रात में परिवार के साथ सो रहा बच्चा सुबह एक बोरे में बंद खेत से बरामद हुआ. इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

Bhagalpur Child Murder: भागलपुर. नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक में गुरुवार को तीन वर्षीय मासूम दिव्यांशु कुमार की हत्या का मामला सामने आया है. मासूम का शव प्लास्टिक के बोरे में खेत से बरामद होने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया. मृतक की पहचान लालूचक निवासी पंकज मंडल के पुत्र दिव्यांशु कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

रात में परिवार के साथ सोया, सुबह मिला शव

मृतक के पिता पंकज मंडल ने बताया कि दिव्यांशु घर की पहली मंजिल पर परिवार के साथ सो रहा था. सुबह करीब तीन बजे से वह गायब था. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला. सुबह करीब सात बजे खेत में प्लास्टिक के बोरे के अंदर उसका शव मिला.

गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने चंपानगर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर करीब 45 मिनट तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना पर नाथनगर इंस्पेक्टर अभय शंकर और सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों द्वारा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया.

16 दिन पहले भी हुई थी मासूम की संदिग्ध मौत

स्थानीय लोगों ने बताया कि 16 दिन पहले लालूचक निवासी पांचू मंडल के ढाई वर्षीय पुत्र आदित्य का शव भी इसी क्षेत्र में मिला था. वह भी रात में परिवार के साथ सोते समय लापता हुआ था. दोनों घटनास्थलों के बीच लगभग 100 मीटर की दूरी बताई जा रही है. हालांकि पुलिस के अनुसार आदित्य की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया था.

एफएसएल, डॉग स्क्वायड और एसटीएफ जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, डॉग स्क्वायड और एसटीएफ की टीम को जांच में लगाया गया है. पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. वहीं इस मामले में भी संदेह उसी व्यक्ति पर जताया जा रहा है, जिस पर पूर्व की घटना में आरोप लगाए गए थे. बताया जा रहा है कि संदिग्ध फिलहाल फरार है, जबकि उसके पिता, पत्नी और पहले मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है.

पुलिस ने जल्द खुलासे का दिया भरोसा

Bhagalpur Child Murder: सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Naman Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >