सुलतानगंज (भागलपुर) से रिपोर्ट
Sultanganj Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. हालांकि लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कई विकास और व्यवस्था संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं. अधिकारियों का दावा है कि मौसम की बाधाओं के बावजूद 15 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी.
बारिश से कच्चे कांवरिया पथ और गंगा घाट का काम प्रभावित
लगातार बारिश के कारण कच्चे कांवरिया पथ और गंगा घाट पर मिट्टी व बालू से जुड़े कार्यों पर सबसे अधिक असर पड़ा है. कच्चे कांवरिया पथ पर बालू बिछाने का काम फिलहाल लगभग रुक गया है. संवेदक ने बताया कि पथ का समतलीकरण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन बारिश के कारण अभी बालू बिछाना संभव नहीं है. मौसम साफ होते ही कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा.
डिवाइडर की मरम्मत और रंगाई का काम जारी
मेले की तैयारियों के तहत डिवाइडर की मरम्मत का कार्य चल रहा है. इसके बाद रंगाई-पुताई की जाएगी. प्रशासन ने बालू का पर्याप्त भंडारण पहले ही कर लिया है, ताकि मौसम अनुकूल होते ही काम तेजी से पूरा किया जा सके.
निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए मेंटेनेंस जारी
श्रावणी मेले के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग लगातार मेंटेनेंस कार्य कर रहा है. विभिन्न स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं. खुले बिजली तारों को कवर किया गया है और सुरक्षा के लिए कट-ऑफ मीटर भी लगाए गए हैं. विभाग का कहना है कि मेले के दौरान कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित होने पर मानव बल तत्काल मरम्मत कार्य करेगा.
पहली बार बिजली के खंभों पर दिखेगी भोले बाबा की आकृति
इस बार कच्चे कांवरिया पथ पर लगे बिजली के खंभों को भोले बाबा की आकृतियों से सजाया जा रहा है. यह पहल पहली बार की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण का विशेष अनुभव मिलेगा.
पेयजल, सुरक्षा और शौचालय की बेहतर व्यवस्था
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि गंगा घाट पर कांवरियों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की जा रही है. श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. वहीं पीएचईडी ने पुराने शौचालयों का अपग्रेडेशन पूरा कर लिया है. अधिकारियों का दावा है कि मेले के शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे.
Sultanganj Shravani Mela 2026: कांवरिया धर्मशाला की बिजली व्यवस्था पर खर्च होंगे 3.46 लाख रुपये
श्रावणी मेले की तैयारियों के तहत सुलतानगंज-देवघर कांवरिया मार्ग स्थित सुइया के पास कांवरिया धर्मशाला की बिजली व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी. भवन निर्माण विभाग के विद्युत कार्य प्रमंडल, भागलपुर ने इलेक्ट्रिक इंस्टॉलेशन के पैच रिपेयर का प्रस्ताव तैयार किया है, जिस पर 3 लाख 46 हजार 500 रुपये खर्च होंगे.
विभाग ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है. 17 जुलाई को टेंडर खोला जाएगा, जिसके बाद एजेंसी का चयन होगा. चयनित एजेंसी को कार्य आवंटन के बाद 10 दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा करना होगा. इससे श्रावणी मेले के दौरान धर्मशाला में ठहरने वाले कांवरियों को बेहतर बिजली सुविधा मिलेगी और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
