शिवनारायणपुर रेलवे फाटक बंद, अंडर ब्रिज से शुरू होगा आवागमन
Bhagalpur News : कहलगांव क्षेत्र के लोगों को अब रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने वाली है. रेलवे प्रशासन ने शिवनारायणपुर फाटक को स्थायी रूप से बंद कर लिमिटेड हाइट सबवे यानी अंडर ब्रिज को चालू कर दिया है.
कहलगांव, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट
Bhagalpur News : पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत पीरपैंती-शिवनारायणपुर रेलखंड पर स्थित फाटक संख्या 5/ए/टी को स्थायी रूप से बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. रेलवे प्रशासन ने इसके विकल्प के रूप में तैयार किये गये लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कदम सुरक्षा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है.
सुबह से शुरू हुआ बैरिकेडिंग का काम
साहिबगंज के सहायक अभियंता द्वारा जारी आदेश के बाद शुक्रवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रेलवे फाटक की बैरिकेडिंग का कार्य किया गया.रेलवे विभाग के अनुसार यह कार्रवाई रेलवे बोर्ड और मंडल के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर की गयी है.
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी और पुलिस बल
फाटक बंद करने की प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा.मौके पर एईएन वेदव्यास शरण, आईओडब्ल्यू आरोही कुमार, पीडब्ल्यूआई कुणाल कुमार, आरपीएफ एसआई विजय कुमार, शिवनारायणपुर थाना पुलिस तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी मौजूद रहे.
अब अंडर ब्रिज से होगा आवागमन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अब छोटे और बड़े सभी वाहनों की आवाजाही नवनिर्मित अंडर ब्रिज से होगी.एलएचएस चालू होने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा.
ट्रेनों का परिचालन होगा अधिक सुरक्षित
रेलवे प्रशासन का कहना है कि मानवयुक्त फाटकों को समाप्त कर एलएचएस और आरओबी जैसी आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है.इससे ट्रेनों का परिचालन अधिक सुरक्षित और समयबद्ध होगा. साथ ही सड़क और रेल यातायात के बीच टकराव की संभावना भी कम होगी.
रेलवे चला रहा है विशेष अभियान
रेलवे लगातार मानवयुक्त फाटकों को बंद कर आधुनिक ढांचे विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है.अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.