शिवनारायणपुर चौक का एक गड्ढा बना मुसीबत, रोज हादसे और घंटों जाम से लोग परेशान

भागलपुर के कहलगांव में NH-80 पर शिवनारायणपुर चौक के पास अधूरा सड़क निर्माण लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। बारिश से बने गड्ढे और जलजमाव के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और यातायात बाधित है।

NH-80 Road Crisis: भागलपुर जिले केगड्ढा कहलगांव प्रखंड अंतर्गत शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन चौक के पास एनएच-80 पर अधूरा सड़क निर्माण आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. बारिश के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढे और जलजमाव से रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं. इस वजह से पूरे दिन जाम लगा रहता है और स्थानीय व्यापार के साथ आवागमन भी प्रभावित हो रहा है.

अधूरा निर्माण बना परेशानी की जड़

स्थानीय लोगों और जिला जदयू श्रम एवं तकनीकी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने पूरे मार्ग का निर्माण करने के बावजूद शिवनारायणपुर चौक के पास कुछ मीटर सड़क अधूरी छोड़ दी है. इसी स्थान पर बारिश का पानी जमा होने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.

जलजमाव से बना विशाल गड्ढा, बढ़ रहे हादसे

बारिश के बाद जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी जमा हो रहा है. इससे एक बड़ा गड्ढा बन गया है, जिसमें रोजाना दोपहिया और छोटे वाहन फंस रहे हैं. कई राहगीर गिरकर घायल भी हो चुके हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है.

जाम से व्यापार और आवागमन दोनों प्रभावित

शिवनारायणपुर चौक कहलगांव, मिर्जाचौकी, मथुरापुर बाजार और किशनदासपुर होते हुए दियारा क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. गड्ढे के कारण यहां दिनभर रुक-रुक कर जाम लगता है. मथुरापुर बाजार के व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़क के कारण ग्राहकों की संख्या कम हो गई है. वहीं दियारा क्षेत्र से कृषि उपज लेकर आने वाले वाहनों को भी घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

NH-80 Road Crisis: स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने एनएचएआई, जिला प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी से अधूरा सड़क निर्माण तत्काल पूरा कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने जनहित और यातायात सुरक्षा को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की अपील की है.

Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rishi Kant

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >