Shani Dev Jayanti: भागलपुर. प्राचीन शनिदेव मंदिर, एमपी द्विवेदी रोड में 11 अगस्त को शनिदेव जयंती महोत्सव का शुभारंभ होगा. मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं. हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.
151 किलो सरसों के तेल से होगा अभिषेक
मंदिर के पुरोहित परमेश्वरानंद उर्फ काला बाबा ने बताया कि 11 अगस्त की सुबह 5 बजे भगवान शनिदेव का 151 किलो सरसों के तेल से विशेष अभिषेक किया जाएगा. इसके बाद श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे.
पालकी और कलश यात्रा निकलेगी
भगवान शनिदेव की चरण पादुका को फूलों से सजाकर पालकी यात्रा निकाली जाएगी. यह यात्रा कोतवाली, वेरायटी चौक और स्टेशन चौक सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी. इसके साथ ही 151 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा भी निकलेगी. सुबह 9 बजे गोशाला परिसर से शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जिसके बाद मंदिर में आरती संपन्न होगी.
12 अगस्त को होगा भंडारा और जागरण
जयंती महोत्सव के दूसरे दिन 12 अगस्त की शाम 7:30 बजे देवी बाबू धर्मशाला में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा. इसी दिन मंदिर परिसर में रात्रि जागरण का भी आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे.
आयोजन समिति तैयारियों में जुटी
Shani Dev Jayanti: शनिदेव सेवक संजय शर्मा एवं प्रकाश शर्मा के संचालन में सत्यनारायण शाह, केसरवानी समाज के अध्यक्ष राकेश रंजन केसरी, संजय जायसवाल, राकेश भगत, कैलाश सिंह, शंभु मंडल, शंकर मंडल, दीपक सानंद, गणेश शर्मा, संजीव ठाकुर, सुरेंद्र कुमार, रूपा देवी, मुस्कान शर्मा, कृष्णा शर्मा, रोशनी शर्मा, शिवानी सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.
