भागलपुर रेंज के पुलिस तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है. भागलपुर डीआइजी ने छह नये इंस्पेक्टर कार्यालय के पद सृजन के लिए पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है. भागलपुर के आइजी विवेक कुमार ने नवगछिया में पुलिस अंचल कार्यालयों के पुनर्गठन और विस्तार को लेकर अलग से प्रस्ताव प्रेषित किया है. जानकारी के अनुसार नवगछिया पुलिस जिला में वर्तमान में दो अंचल नवगछिया और बिहपुर कार्यरत हैं. नये प्रस्ताव के तहत नवगछिया, गोपालपुर, परवत्ता, बिहपुर, खरीक, यातायात, महिला थाना तथा अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति थाना को अलग-अलग अंचल के रूप में विकसित करने की योजना है.
प्रस्तावित ढांचे के अनुसार, नवगछिया अंचल में नवगछिया थाना को रखा जायेगा. गोपालपुर अंचल के अंतर्गत गोपालपुर व रंगरा थाना शामिल होंगे. परवत्ता अंचल में परवत्ता, इस्माइलपुर, ढोलबज्जा तथा कदवा थाना को जोड़ा जायेगा. बिहपुर अंचल में बिहपुर और भवानीपुर थाना, तथा खरीक अंचल में झंडापुर और खरीक थाना शामिल रहेंगे. नदी थाना को भी खरीक अंचल में समायोजित किया जायेगा. इसके अलावा महिला थाना, अनुसूचित जाति जनजाति थाना और साइबर थाना को मिलाकर एक पृथक अंचल बनाने की योजना है, जिससे विशेष प्रकार के मामलों का त्वरित और प्रभावी निष्पादन हो सके. चार अतिरिक्त इंस्पेक्टर कार्यालय खुलने से लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आयेगी और मौजूदा कार्यालयों पर कार्यभार कम होगा. इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा. पुलिस मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद इस प्रस्ताव के अमल में आने की उम्मीद जतायी जा रही है, जिससे नवगछिया पुलिस जिला की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा.
