पवित्र श्रावण मास की दूसरी सोमवारी के शुभ अवसर पर 'सिल्क सिटी' भागलपुर के तमाम प्रमुख शिव मंदिरों में भोर होते ही आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा. शहर के ऐतिहासिक बूढ़ानाथ मंदिर, मनसकामना नाथ, भूतनाथ और शिव शक्ति मंदिर सहित सभी शिवालयों में पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और पूजा-अर्चना शुरू कर दी. भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की.
'सिल्क सिटी' के प्रमुख मंदिरों में दिनभर बनी रही चहल-पहल
सोमवारी को लेकर सुबह से ही भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था. युवाओं और महिलाओं ने माथे पर चंदन का त्रिपुंड और तिलक लगाकर मंदिरों में हाजिरी लगाई. सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखकर पूजा की.
शहर के विभिन्न शिवालयों में आयोजित विशेष अनुष्ठान:
- बाबा बूढ़ानाथ मंदिर: महंत शिवनारायण गिरि के संचालन में दिनभर जलाभिषेक चला. देर शाम फूलों से भव्य श्रृंगार और अंग म्यूजिक हेरिटेज (संयोजन: अनुमेह मिश्रा) द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा. आयोजन में प्रबंधक बाल्मिकी सिंह, दीपक सिंह और चंद्रशेखर मिश्रा की प्रमुख भूमिका रही.
- शिव शक्ति मंदिर (आदमपुर): महंत अरुण बाबा के संचालन में सैकड़ों लीटर गंगाजल, दूध, पंचामृत, गुलाब जल, 1 लाख बेलपत्र और कमल के फूलों से बाबा का भव्य रुद्राभिषेक किया गया.
- भूतनाथ मंदिर (साहेबगंज): सुबह से दोपहर तक हजारों भक्तों ने जल चढ़ाया. शाम को कोलकाता से मंगवाए गए विशेष गुलाब के फूलों से बाबा भूतनाथ का श्रृंगार किया जाएगा.
- दुग्धेश्वरनाथ व कूपेश्वरनाथ मंदिर: वेराइटी चौक स्थित दुग्धेश्वरनाथ में महंत मुन्ना पांडेय और कोतवाली स्थित कूपेश्वरनाथ में महंत विजयानंद शास्त्री के संचालन में पंचामृत रुद्राभिषेक व विशेष श्रृंगार का आयोजन हुआ.
- जागेश्वर नाथ मंदिर (सखीचंद घाट): प्रधान पंडित सौरभ कुमार मिश्रा के संचालन में गन्ने के रस और गाय के दूध से रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया.
लोदीपुर और राणी सती मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम
लोदीपुर शिव मंदिर में दिनभर जलाभिषेक के लिए तांता लगा रहा, जहां संध्या समय भव्य श्रृंगारी पूजा का आयोजन किया गया. आयोजन को सफल बनाने में पूर्व जिला परिषद सदस्य अरविंद मंडल, भोला प्रसाद और चंदन यादव सक्रिय रहे.
वहीं, चुनिहारी टोला स्थित श्री राणी सती दादी मंदिर में सुबह संगीतमय मंगलपाठ का आयोजन हुआ, जिसके बाद शाम में भगवान शंकर की अबीर और फूलों से श्रृंगार पूजा की गई. श्री दादी जी सेवा समिति के अध्यक्ष अनिल खेतान और संयोजक मनोज चूड़ीवाला ने बताया कि सावन की सोमवारी पर विशेष महाप्रसाद का भी वितरण किया गया.
