Bhagalpur Weather News: भागलपुर में गुरुवार को सावन मास की शुरुआत सुहावने मौसम के बीच हुई. सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही. सावन के पहले दिन मौसम पूरी तरह भक्तिमय और खुशनुमा नजर आया. बारिश होने से कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों को उमस और गर्मी से राहत मिली. वहीं शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम सुहावना बना रहा.
किसानों के लिए राहत लेकर आया मानसून
पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मानसून ने किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. जिले के किसान धान की बिचड़े की बुआई और रोपाई में जुट गए हैं. अच्छी वर्षा होने से खेतों में नमी बनी हुई है, जिससे खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहा तो खेती-किसानी को और मजबूती मिलेगी.
2 अगस्त तक बारिश और तेज हवा के आसार
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार 2 अगस्त तक दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहेंगे. बांका, भोजपुर, बक्सर और कैमूर के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 70 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत रहने का अनुमान है. पूर्वानुमान अवधि में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूरबा हवा चल सकती है.
मौसम विभाग ने बरतने को कहा एहतियात
मौसम वैज्ञानिकों ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. किसानों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखते हुए कृषि कार्य करने तथा वज्रपात के समय खेतों में नहीं जाने की अपील की गई है.
