bhagalpur news. 24 घंटे में अपार आइडी जनरेशन कार्य पूर्ण नहीं होने पर कटेगा पांच दिन का वेतन

सुलतानगंज प्रखंड के 12 सरकारी विद्यालयों में अब तक शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का अपार आइडी जनरेट नहीं किए जाने से शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ गई है

सुलतानगंज प्रखंड के 12 सरकारी विद्यालयों में अब तक शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का अपार आइडी जनरेट नहीं किए जाने से शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ गई है. बार-बार निर्देश, चेतावनी और अंतिम स्मार पत्र जारी किए जाने के बावजूद संबंधित विद्यालयों द्वारा लापरवाही बरते जाने पर बीईओ रेखा भारती ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. बीईओ द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि अपार आईडी जनरेशन को लेकर पूर्व में कई बार निर्देश दिए गए थे तथा अंतिम स्मार पत्र भी निर्गत किया गया, बावजूद 12 विद्यालयों ने कार्य पूर्ण नहीं किया. इससे स्पष्ट होता है कि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, कंप्यूटर शिक्षक एवं वर्ग शिक्षक विभागीय कार्यों के प्रति उदासीन रवैया अपना रहे हैं. बीईओ ने बताया कि अपार आईडी जनरेशन की प्रतिदिन जिला एवं राज्य स्तर पर समीक्षा की जा रही है, जिसमें सुलतानगंज प्रखंड बार-बार पिछड़ता हुआ नजर आ रहा है. इसके कारण विभागीय बैठकों में प्रखंड को फटकार भी लगाई जा रही है, जो शिक्षा व्यवस्था की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है. पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में जिन विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगा गया था, उनमें से किसी ने भी अब तक अपना जवाब उपलब्ध नहीं कराया है. यह स्थिति स्पष्ट रूप से अनुशासनहीनता एवं मनमानेपन को दर्शाती है. 24 घंटे में जवाब,नहीं तो वेतन कटौती

बीईओ ने निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर सभी चिह्नित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक अपार आइडी जनरेशन का कार्य पूर्ण कराते हुए आवश्यक साक्ष्य के साथ प्रखंड शिक्षा कार्यालय में उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे. यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित प्रधानाध्यापक, कंप्यूटर शिक्षक एवं वर्ग शिक्षकों का पांच दिनों का वेतन काटते हुए विभागीय कार्य में रुचि नहीं लेने की अनुशंसा जिला शिक्षा कार्यालय को भेजी जाएगी. बीईओ ने कहा कि अपार आइडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक पहचान, योजनाओं के लाभ एवं डिजिटल रिकॉर्ड के लिए अत्यंत आवश्यक है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. स्पष्ट किया कि सूची में शामिल विद्यालयों में मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालय दोनों हैं. जिन विद्यालयों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है, उनमें एनजीए हाई स्कूल दुधैला, इंटर स्कूल खेरैहिया, केएनएसएम इंटर विद्यालय, पीडीएम गर्ल्स हाई स्कूल, मध्य विद्यालय दुधैला, नथन महतो हाई स्कूल पैन, मध्य विद्यालय गंगापुर दियारा, मध्य विद्यालय उधाडीह, मध्य विद्यालय मिरहट्टी, आरएमएस पैन, यूएमएस उधाडीह एवं मध्य विद्यालय हथियौक शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >