Bihar Cycling Championship : गोपालपुर प्रखंड के आदर्श ग्राम धरहरा की बेटी रुचि कुमारी ने बिहार राज्य साइकिलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और जिले के लोगों में खुशी की लहर है. खेल के क्षेत्र में रुचि की सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है.
राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित है आदर्श ग्राम धरहरा
आदर्श ग्राम धरहरा अपनी अनोखी परंपरा के कारण देशभर में पहचान बना चुका है. यहां बेटी के जन्मदिन पर दस फलदार पौधे लगाने की परंपरा निभाई जाती है. इसी गांव की बेटी रुचि कुमारी ने अब खेल के क्षेत्र में अपनी उपलब्धि से गांव और जिले का गौरव बढ़ाया है.
सम्मान समारोह में बढ़ाया गया रुचि का उत्साह
रुचि कुमारी की सफलता पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र शर्मा, पूर्व युवा जदयू जिलाध्यक्ष सोनू जायसवाल और संजीव चौधरी ने उन्हें सम्मानित किया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने रुचि को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
मेहनत से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की उम्मीद
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रुचि कुमारी की सफलता जिले की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर रुचि भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार का नाम रोशन कर सकती हैं.
खेल प्रतिभाओं को सहयोग देने का भरोसा
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत है. उन्होंने रुचि कुमारी को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया, ताकि वह आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन कर सके.
