रसलपुर थाना क्षेत्र स्थित खोजवा पोखर से सोमवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में मिले युवक के शव मामले ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया. मृतक की पहचान अंतिचक थाना क्षेत्र के 20 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई थी. वह धनौरा गांव स्थित अपने नानी घर में रहकर मजदूरी करता था. घटना के बाद मृतक की मां ने छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने शुक्रवार की शाम धनौरा गांव के समीप एकचारी-मोहनपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. परिजनों का कहना था कि जब तक वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर ठोस आश्वासन नहीं देंगे, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा. जानकारी के अनुसार, सड़क जाम करीब साढ़े तीन बजे शुरू हुआ, जो रात सात बजे तक जारी रहा. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जाम की सूचना मिलने पर रसलपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सनोज राजवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ.
bhagalpur news. संदिग्ध मौत मामले में सड़क जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
रसलपुर थाना क्षेत्र स्थित खोजवा पोखर से सोमवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में मिले युवक के शव मामले ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया
