थाना क्षेत्र के गौरीपुर मध्य विद्यालय के पास शुक्रवार की रात 11 बजे अपराधियों ने एक युवक को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक खून से लथपथ जमीन पर गिरा हुआ है. घायल की पहचान गौरीपुर निवासी दिलखुश कुमार के रूप में हुई है. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बिहपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बिहपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दिलखुश को इलाज के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक के सिर में गोली लगी है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है. साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. घायल दिलखुश कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध लूट सहित कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की बात कही जा रही है. हालांकि, पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और गोली मारने के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.