सड़क हादसे में बालक की मौत के बाद परिजनों का फूटा गुस्सा, शव रखकर किया सड़क जाम

Bhagalpur News : भागलपुर में सड़क हादसे के बाद 12 वर्षीय बालक की मौत से इलाके में भारी तनाव फैल गया. इलाज के दौरान मासूम की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शन के दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट

Bhagalpur News : कोतवाली थाना क्षेत्र में टीएनबी कॉलेजिएट के पास शनिवार रात करीब नौ बजे यह हादसा हुआ था. बताया जाता है कि 12 वर्षीय अस्मित कुमार, जो राजीव पासवान का पुत्र था और टीएनबी कॉलेजिएट के समीप रहता था, किसी सामान की खरीदारी के लिए घर से निकला था. इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित सीएनजी ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक को तुरंत जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था. हालांकि रविवार रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद अस्पताल में भी परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और जमकर हंगामा हुआ.

अस्पताल में भी बेकाबू हुई भीड़

अस्मित की मौत की खबर मिलते ही मायागंज अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. लोग दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसे तुरंत सौंपने की मांग कर रहे थे. स्थिति बिगड़ने पर इमरजेंसी वार्ड का मुख्य गेट कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा. पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया.

शव रखकर सड़क जाम, आगजनी से यातायात ठप

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने के बाद मामला और गरमा गया. आक्रोशित लोगों ने नया बाजार के पास तिलकामांझी विश्वविद्यालय मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया. इस दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. राहगीरों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा.

चालक हिरासत में, वाहन जब्त

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक को पकड़कर पिटाई कर दी थी, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया. दुर्घटनाग्रस्त सीएनजी ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

जांच जारी, स्थिति नियंत्रण में

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar sinh

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >