Bhagalpur news अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में परीक्षा तैयारी पर मंथन

सुलतानगंज प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में शनिवार को अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी हुई.

सुलतानगंज प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में शनिवार को अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी हुई. संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य बच्चों की अकादमिक प्रगति, पढ़ाई की वर्तमान स्थिति और वार्षिक परीक्षा की तैयारी को लेकर अभिभावकों को जागरूक करना रहा. शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता, घर का सहयोगी माहौल और नियमित अभ्यास किस प्रकार उनकी शैक्षणिक उपलब्धि को बेहतर बना सकता है.परीक्षा की तैयारी और हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा गया कि परीक्षा को लेकर बच्चों पर किसी भी तरह का अतिरिक्त मानसिक दबाव न डाला जाए. कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं साझा कीं, जिनका समाधान शिक्षकों ने किया. संगोष्ठी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी ने मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलजुल कर काम करने का संकल्प लिया.

केंद्र–राज्य की नीतियों के खिलाफ भाकपा का धरना–प्रदर्शन

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की कथित कॉरपोरेट पक्षी नीतियों तथा गरीबों की आवास योजना में खामियों के विरोध में शनिवार को सुलतानगंज प्रखंड व अंचल कार्यालय पर धरना–प्रदर्शन किया. नेतृत्व पार्टी के अंचल सचिव वकील मंडल ने किया. राहुल नगर स्थित पार्टी कार्यालय से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे, जहां धरना दिया. राज्यपाल के नाम प्रेषित सात सूत्री मांग पत्र बीडीओ संजीव कुमार को सौंपा. बीडीओ ने मांग पत्र को अग्रसारित करते हुए एसडीएम को भेजने की जानकारी दी.

तीन शिक्षकों के सेवानिवृत्ति पर दी विदाई

सुलतानगंज प्रखंड से शनिवार को तीन शिक्षक सेवानिवृत्त हुए, जिनमें एक विशिष्ट और दो नियमित शिक्षक शामिल हैं. सभी सेवानिवृत्त शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत थे. इस अवसर पर मवि असियाचक, मवि कुमारपुर कटहरा और मवि कष्टिकरी में अलग-अलग विदाई समारोह आयोजित कर शिक्षकों को सम्मानपूर्वक विदा किया गया. वक्ताओं ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के शैक्षिक योगदान, अनुशासन और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ व सक्रिय जीवन की कामना की. मवि असियाचक में आयोजित समारोह में प्रधानाध्यापक विनोद कुमार को भावभीनी विदाई दी गयी. कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय के शिक्षक राणा प्रताप, रंजीत कुमार, सज्जन कुमार, दीपेंद्र कुमार, सोनम राज, अनीता कुमारी एवं प्रतिमा कुमारी ने किया. समारोह की अध्यक्षता कुंदन कुमार (सीआरसी संचालक) ने की. मुख्य अतिथि मिथिलेश चंद्रवंशी, सकलदेव मंडल, राजकुमार निराला सहित असियाचक पंचायत के ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >